बायोमेडिकल कचरा नष्ट करने वाली कंपनी का चिमनी गिरा; एक मजदूर की मौत, एक गंभीर

फैक्ट्री में बायो मेडिकल वेस्ट जलाए जाते हैं। इसके लिए दो चिमनी लगे हैं। फैक्ट्री की पुरानी चिमनी को हटाया जा रहा था, इसी दौरान हादसे में दो मजदूर बुरी तरह घायल हो गए।
मुजफ्फरपुर (बिहार)। मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र के फेज टू में बायोमेडिकल कचरा नष्ट करने वाली कंपनी के चिमनी गिर जाने से दो मजदूर बुरी तरह से घायल हो गए। घायल मजदूरों को अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर अवस्था में भर्ती है।
बुधवार को हुई घटना के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी की स्थिति है। मृतक का नाम मोहम्मद रजा है। वह सतपुरा का रहने वाला था। घायल का नाम दिनेश शर्मा बताया गया है। वह चकमुबारक मनियारी का रहने वाला है।
जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ है उसमें बायो मेडिकल वेस्ट जलाए जाते हैं। इसके लिए दो चिमनी लगे हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री की पुरानी चिमनी को हटाया जा रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ है। चिमनी को हटाने के लिए एक निजी ठेकेदार को कार्य दी गई थी। उसके दो मजदूर काम कर रहे थे।
घटना की सूचना पर पहुंची बेला थाना पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस विशेष पूछताछ के लिए चिमनी ध्वस्त करने वाले संवेदक लखींद्र दास को अपने साथ थाने में ले गई है।
गौरतलब है कि गुजरे दिसंबर को इसी बेला औद्योगिक परिसर के एक स्नैक्स फैक्ट्री में बायलर विस्फोट हो गया था। जिसमें सात मजदूरों की जान चली गई थी। वह विस्फोट इतना भयंकर था कि लोगों को भूकंप आने का अहसास हुआ था। मामला गरम होने के बाद मालिक पर मुकदमा दर्ज हुआ और कंपनी द्वारा सभी मृतक के आश्रितों को मुआवजा देना पड़ा था।