बिहार : इशान स्नैक्स फैक्ट्री में ब्वॉयलर फटा; कम से कम 7 की मौत, दर्जनों घायल, भारी आक्रोश

bihar_hadasa

ब्वॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, कई लोगों के चीथड़े उड़ गए। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। घटना के बाद लोगों ने विरोध जताया तो पुलिस ने डंडे बरसाए।

मुजफ्फरपुर (बिहार)। जिले के बेला औद्योगिक क्षेत्र के फेज-टू में नूडल्स आदि बनाने वाली इशान स्नैक्स फैक्ट्री का ब्वॉयलर फटने से सात लोगों की मौके पर मौत हो गई। कम से कम नौ लोग घायल हो गए। पांच की गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच में इलाज चल रहा है।

शाम तक सात लाशें निकाली जा चुकी थीं। आशंका है कि यह संख्या और बढ़ सकती है। वहीं दर्जन भर अन्य जख्मियों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेजा गया है।

जोरदार धमाका होने के कारण आसपास के भवनों और उद्योगों को भारी क्षति हुई है। धमाके के बाद से घटनास्थल पर अफरातफरी मची है। घटना के बाद बड़ी संख्या में मौके पर लोग पहुंच गए। लोगों के भारी आक्रोश के बीच डीएम और एसएसपी पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मामला दबाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया।

रविवार की सुबह हुआ धमाका

रविवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे बेला में जोरदार धमाका होने से एक किलोमीटर के आसपास का इलाका दहल गया। फेज-2 स्थित इशान स्नैक्स एण्ड नमकीन प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में मेंटनेंस वर्क के दौरान ब्वॉयलर फट गया। इससे इतना जोरदार धमाका हुआ कि कई लोगों के चीथड़े उड़ गए। लाशों के कई टुकड़े हो गए। शाम तक प्रशासन ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की है।

यह संख्या और बढ़ सकती है। अभी फैक्ट्री से मलबा हटाने का काम जारी है। मरने वाले मुजफ्फरपुर के आसपास के इलाकों के साथ ही पश्चिमी चंपारण सहित अन्य जिलों के भी बताए गए हैं। अभी सभी लाशों की पहचान नहीं हो सकी है। परिजनों के आने का सिलसिला लगातार जारी है।

फैक्ट्री में धमाके के बाद कई मशीनें नीचे गिर गईं। तस्वीर हादसे के बाद लगे मलबे के ढेर की है।

पड़ोस की फैक्ट्रियों में भी मौत, कई भवन क्षतिग्रस्त

घटनास्थल पर चीख पुकार मची हुई है। भीषण धमाका होने के कारण फैक्ट्री के बगल में लगी चूड़ा फैक्ट्री के दो कर्मियों की मौत भी मौके पर हो गई। उसके अलावा आसपास की कई फैक्ट्रियों के कई श्रमिक घायल हो गए हैं। कई भवनों की भारी क्षति हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका होने के कारण आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं। टीवी के साथ ही शीशा के कई सामान टूट गए।

फैक्ट्री के हेड ऑपरेटर ललन यादव की मौके पर मौत हो गई। वह छपरा के रसूलपुर थाना के खजूलपुर गांव का निवासी थे। उसी फैक्ट्री में काम करने वाला उसका बेटा विनोद यादव घायल है। घायल विनोद ने बताया कि ब्वॉयलर साफ करने के दौरान फट गया है। बार-बार कहने के बाद भी फैक्ट्री के मालिक कई महीनों से ब्वॉयलर नहीं बदल रहे थे।

फैक्ट्री मालिक फरार

बियाडा के ईडी ने पूरे मामले की जांच का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। घटना के बाद से फैक्टी के मालिक विकास मोदी और विक्रम मोदी फरार हैं।

भूली-बिसरी ख़बरे