खुली-छिपी छंटनी व दमन के खिलाफ बेलसोनिका मज़दूरों ने शुरू की क्रमिक भूख हड़ताल

0
0

बेलसोनिका प्रबंधन श्रम विभाग व प्रशासनिक अधिकारी के आदेशों/निर्देशो को ठेंगा दिखाकर अब तक लगभग 13 श्रमिको को निलंबित व 17 श्रमिको को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

मनेसर, गुड़गांव। आइएमटी मनेसर स्थित मारुति की वेंडर कंपनी बेलसोनिका प्रबंधन द्वारा खुली-छिपी छंटनी जारी है। यूनियन की शिकायतों, मांग पत्रों व ज्ञापन द्वारा लगाई गुहार को अधिकारी अनदेखा कर रहे है। ऐसी विकट स्थिति में यूनियन ने आज 4 मई से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दिया है।

यूनियन अध्यक्ष मोहिंदर कपूर ने कहा कि बेलसोनिका यूनियन खुली-छिपी छंटनी के खिलाफ पिछले दो वर्षों से संघर्ष कर रही है। प्रबंधन ने पिछले वर्ष 2022 में 3 स्थाई श्रमिको को बर्खास्त कर दिया था। उसके बाद प्रबंधन ने 17 मार्च 2023 को 3 यूनियन पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया था। फिर प्रबंधन ने 30 मार्च को 10 श्रमिको को यूनियन गतिविधियों के कारण निलंबित कर दिया।

बीते 7 अप्रैल को 3 पुराने ठेका श्रमिको- जिनको यूनियन की सदस्यता दी गई थी, को बर्खास्त कर दिया था। 21 अप्रैल को प्रबंधन ने 11 श्रमिकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। प्रबंधन ने अब तक लगभग 13 श्रमिको को निलंबित व 17 श्रमिको को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

https://mehnatkash.in/2023/04/28/march-demonstration-by-the-maruti-suzuki-mazdur-sangh-raised-voice-against-retrenchment-in-belsonica/

महासचिव अजीत सिंह ने बताया कि बीते 3 मार्च को सहायक श्रम आयुक्त गुड़गांव की मध्यस्थता में चली वार्ता व 21 मार्च को अतिरिक्त उपायुक्त गुड़गांव की मध्यस्थता में चली समझौता वार्ता के दौरान यूनियन व प्रबंधन को यथास्थिति व शांति बनाए रखने के आदेश/निर्देश दिए गए थे।

लेकिन प्रबंधन ने श्रम विभाग व प्रशासनिक अधिकारी के आदेशों/निर्देशो को ठेंगा दिखा दिया। यूनियन ने शिकायतों, सामूहिक मांग पत्रों व ज्ञापन के माध्यम से विवाद को निपटाने की गुहार लगाई। लेकिन यूनियन की गुहार को सभी अधिकारी अनदेखा कर रहे है।

यूनियन ने कहा कि ऐसी विकट स्थिति में यूनियन ने विवादों को निपटाने के लिए आज 4 मई से क्रमिक भूख हड़ताल का निर्णय लिया है। आज यूनियन के दो पदाधिकारी यूनियन के महासचिव अजीत सिंह व यूनियन के उपप्रधान राजपाल क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

https://mehnatkash.in/2023/04/09/press-conference-united-struggle-against-the-dictatorship-of-belsonica-management-is-necessary/

यूनियन की मांगे:-

  1. मजदूर विरोधी चार लेबर कोड्स रद्द करो।
  2. स्थाई कार्य पर स्थाई रोजगार के कानूनी प्रावधान को लागू करो।
  3. 17 बर्खास्त व 13 सस्पेंड श्रमिको को काम पर तत्काल वापिस लो।
  4. खुली-छिपी छंटनी पर रोक लगाओ। फर्जी दस्तावेजों व अनुशासनहीनता के नाम पर श्रमिको को दिए गए आरोप पत्रों व कारण बताओ पत्रों को रद्द करो।
  5. यूनियन के सामूहिक मांग पत्रों का सम्मानजनक निपटारा करो।
  6. स्थाई कार्य पर ठेका/अस्थाई श्रमिको द्वारा कराए जा रहे हैं कार्य को लेकर बेलसोनिका प्रबंधन के खिलाफ अनुचित श्रम अभ्यास की उचित कार्यवाही की जाए।