असम: कुएं की सफाई के दौरान कम से कम चार मज़दूरों की मौत, एक गंभीर

गाँव में एक कुएं की सफाई के दौरान मज़दूर उसके अंदर गिर गया। उन्हें बचाने के प्रयास में तीन और श्रमिक कुएं में गिर गए। घटना में गंभीर रूप से घायल मज़दूर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
असम के हैलाकांडी जिले में शनिवार को एक कुएं की सफाई के दौरान कम से कम चार मज़दूरों की मौत हो गई और एक मज़दूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सिलचर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबर के अनुसार घटना अलगापुर राजस्व परिक्षेत्र के बकरीहावर पार्ट-1 में उस समय हुई जब कुछ मजदूर गाँव में एक व्यक्ति के कुएं की सफाई करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान एक मजदूर कुएं में गिर गया और उसे बचाने की कोशिश में एक के बाद एक तीन और मज़दूर कुएं में गिर गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद राज्य आपदा नियंत्रण बल (SDRF) को खबर की गई। इसके बाद SDRF ने कुएं से शवों को बाहर निकाला। कुएं में गिरने से कुल चार लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मज़दूर को सिलचर मेडिकल कालेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान राशिद अहमद, नाजिम उद्दीन, अबू सुहेल और हसीब उद्दीन के रूप में हुई है, जबकि घायल व्यक्ति सोहिद अहमद बताया जा रहा है।
राहत और बचाव कार्य में दो और लोग घायल होने की भी खबर है।