बोनस नहीं मिलने से श्रमिकों में आक्रोश, फैक्ट्री गेट पर किया विरोध-प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पूर्व बोनस का भुगतान होता है, लेकिन सोनार कास्टिग जैसी तमाम फैक्ट्रियों में श्रमिकों को बोनस तक नहीं मिला। इसी के विरोध में मज़दूरों ने प्रदर्शन किया।
दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल)। दुर्गा पूजा को बीते अब 20 दिन हो गया है। लेकिन अब भी कर्मियों को बोनस का भुगतान नहीं हुआ है। बुधवार को आक्रोशित श्रमिकों ने बोनस समेत अन्य मांगों को लेकर अंडाल एरोसिटी के नजदीक स्थित सोनार कास्टिग फैक्ट्री के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।
ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा से पूर्व सभी जगह बोनस का भुगतान होता है, लेकिन तमाम फैक्ट्रियों में मालिकों का मनमाना चलता है और श्रमिकों को बोनस तक नहीं मिलता।
श्रमिकों ने कहा कि इस फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों को आज तक बोनस नहीं दिया गया है। जबकि दुर्गा पूजा बीते बीस दिन हो गया एवं अब दीपावली भी आ गई है। श्रमिकों को वर्ष भर बोनस का इंतजार रहता है। लेकिन प्रबंधन मजदूरों के अधिकार को छीन रहा है।
इस फैक्ट्री में फैक्ट्री मालिकों का मनमाना रवैया चल रहा है। यहां काम करने वाले श्रमिकों को कोई पहचान पत्र नहीं दिया गया है। पीएफ, ईएसआइ की सुविधा से भी श्रमिक वंचित है। श्रमिकों को अनेक सुविधाएं प्रदान की जाती है। इसके अलावा ठीक समय पर वेतन नहीं दिया जाता है। इस कारण श्रमिकों ने फैक्ट्री के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया।
श्रमिकों ने बताया कि फैक्ट्री के पदाधिकारियों ने कुछ श्रमिकों को मसले के समाधान के लिए बुलाया था, लेकिन फैक्ट्री के अधिकारियों ने उन्हें यह कह कर भगा दिया की जैसे काम चल रहा था, वैसे ही काम चलेगा। फिलहाल आंदोलन स्थगित हुआ है। लेकिन श्रमिक आगामी दिनों में प्रशासन के समक्ष मौजूद होकर अपनी समस्याओं को लेकर जाएंगे और कानूनी तरीका से अपना हक मांगेंगे।