आगरा : अतुल फैक्ट्री में फटा ऑक्सीजन सिलेंडर, एक श्रमिक की दर्दनाक मौत

0
0

गाड़ी से फैक्ट्री के अंदर सिलेंडर उतर रहा था, श्रमिक चंबल सेंड को बाल्टी से भरकर टब में डाल रहा था, तभी सिलेंडर फटा, उसकी चपेट में आकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

आगरा। आगरा में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। ऑक्सीजन से भरे सिलेंडर उतारते समय एक सिलेंडर के फट जाने से एक युवक की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घटना नुनिहाई स्थित अतुल फैक्ट्री में हुई है।

थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के अतुल फैक्ट्री में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे भीषण हादसा हो गया। ऑक्सीजन सिलेंडर से भरी गाड़ी को जब फैक्ट्री के अंदर उतारा जा रहा था, उसी समय गाड़ी में रखा एक सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने के बाद रूपेश पुत्र छोटेलाल उम्र 28 वर्ष निवासी बांस बादाम, जो फैक्ट्री के बराबर कारखाने के गेट पर पड़ी चंबल सेंड को बाल्टी से भरकर अंदर स्थित टब में डाल रहा था, उसकी चपेट में आने की वजह से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

वही रुपेश के पीछे हर्ष पुत्र धर्मेंद्र निवासी बांस बादाम भी घायल हो गया। वहीं साथ में एक अन्य लेबर भी बुरी तरीके से घायल हो गई। जिसे नजदीकी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर आ गए। वही स्वजनों का धैर्य टूट गया, वे अतुल फैक्ट्री में हंगामा करने लगे। फैक्ट्री मालिक के द्वारा सभी लेबर की छुट्टी कर दी गई है। मौके पर पुलिस जांच में जुटी है।

जागरण से साभार