कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ लघु सचिवालय में सर्व कर्मचारी संघ का हल्ला बोल प्रदर्शन

ezgif-3-0c6efbcd41

माँगों को लेकर नगरपालिक, बिजली, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन आदि कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। चेतावनी दी कि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं तो आंदोलन व्यापक होगा।

हरियाणा के करनाल के जिला सचिवालय में सर्व कर्मचारी संघ ने हल्ला बोल प्रदर्शन किया। संघ ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी यदि जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो आंदोलन लंबा किए जाने का निर्णय लिया जाएगा। कर्मचारी विरोधी नीतियों को लेकर रविवार को सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर पालिक, बिजली विभाग, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग के कर्मचारी समेत अन्य विभागों के कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने सरकार से मांग की कि हटाए गए कर्मचारियों को वापस बुलाया जाए और 26 सूत्रीय मांग पत्र को लागू करें।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के सदस्य कृष्ण शर्मा ने कहा कि सरकार ने जुल्म करने शुरू किए हुए हैं। कच्चे के साथ पक्के कर्मचारियों को हटा दिया गया। उन्होंने कहा कि जो कर्मचारी बाहर निकालने उन्हें वापस लिया जाए। कच्चे कर्मचारियों का ईपीएफ, ईएसआई कुछ नहीं कट रहा है। डीसी रेट से भी कम वेतन दिया जा रहा है। जब तक सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित अन्य मांगों को पूरा नहीं करती तब तक आंदोलन किया जाएगा।

संघ के सदस्य सुशील गुर्जर ने कहा कि पिछले दिनों सरकार को 26 सूत्रीय मांग पत्र दिया गया था। इसके बावजूद भी सरकार जनता विरोधी और कर्मचारी विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। संघ ने ऐलान किया कि उनकी मांग न माने जाने पर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसी कड़ी में 1 दिन के लिए सभी जिला मुख्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया गया। यह लड़ाई आने वाले समय में निर्णायक मोड़ पर जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

दैनिक भास्कर से साभार

भूली-बिसरी ख़बरे