ABVP, भगत सिंह के विचारों से डरता है इसलिए हमला करता है ….

28 सितंबर को हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में भगत सिंह जयंती पर ABVP के गुंडों द्वारा किए गए हमले के विरोध में क्रांतिकारी संगठनों ने उत्तराखण्ड भवन पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। यहाँ पर वक्ताओं ने कहा कि सोशल मीडिया वीडियो उपलब्ध होने के बावजूद राज्य सरकार घटना के इतने दिनों बाद भी हमला करने वाले ABVP के गुंडों को गिरफ्तार नहीं कर रही है।
28 सितंबर को हल्द्वानी के MBPG कॉलेज में भगत सिंह जयंती पर ABVP के गुंडों ने हमला किया था। उन्होंने भगत सिंह के पोस्टर फाड़ते हुए, कार्यक्रम कर रहे पछास के कार्यकर्ताओं और घटना को कवरेज कर रहे एक पत्रकार पर भी जानलेवा हमला किया था। घटना के इतने दिनों बाद भी हमला करने वाले ABVP के गुंडों की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है जबकि उनके हमले के वीडियो सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध हैं।

ऐसे में ABVP के गुंडों के खिलाफ और उन्हें पालने वाली उत्तराखण्ड सरकार के खिलाफ छात्र और सामाजिक संगठनों ने उत्तराखण्ड भवन पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। उत्तराखण्ड भवन के सामने हुई सभा को सम्बोधित करते हुए पछास के जतिन ने कहा कि ABVP और पूरी संघ मंडली का इतिहास आजादी के आंदोलन और क्रांतिकारियों से गद्दारी का रहा है। इसलिए इनके एक भी कार्यकर्ता ने शहादत तो क्या अंग्रेजों की लाठी तक नहीं खाई। उस समय ये अंग्रेजों के लिए देश को हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर लड़वा रहे थे तो आज ये यही काम अडानी-अंबानी जैसे पूंजीपतियों के लिए कर रहे हैं। इसलिए भगत सिंह और उनके विचारों से ये हमेशा ही घबराते रहे हैं।

प्रगतिशील महिला एकता केन्द्र की हेमा ने कहा कि ये पहली घटना नहीं है जब परिषद की गुंडा वाहिनी ने शहीदों का अपमान किया है। कुछ वर्ष पहले नैनीताल और DU में भी इन्होंने भगत सिंह के कार्यक्रम पर हमला बोला था। गुंडागर्दी कर के, सत्ता का इस्तेमाल कर के, दमन कर के वो शहीदों के विचारों को खत्म नहीं कर सकते। शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए देश के नौजवान निरंतर लड़ रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। कार्यक्रम में कलेक्टिव, KYS, DSU, इंकलाबी मजदूर केन्द्र, PDYF, BsCEM, बेरोजगार किसान मजदूर यूनियन, बेलसोनिका यूनियन, क्रालोस के वक्ताओं ने बात रखते हुए एक स्वर में ABVP के गुंडों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।