हिमाचल प्रदेश : हिमस्खलन में झारखण्ड के तीन मज़दूरों की मौत

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के मुसरिंग में बीते सोमवार को हिमस्खलन में झारखण्ड के गुमला जिले के तीन मज़दूरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य मज़दूर घायल हो गए हैं. ख़बरों के मुताबिक भाभा घाटी इलाके में जारी एक परियोजना स्थल के सुरंग के पास बैठ दोपहर का भोजन कर रहे मज़दूर बर्फीला तूफ़ान आने के बाद हिमस्खलन के शिकार हो गए.
भाभा घाटी के तहसीलदार अरुण कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ‘ झारखण्ड के रहने वाले सीमन किंडो(42) और बिरया उरावं (53) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक और मज़दूर रतनलाल उरावं (31) ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. इसके साथ ही नेपाल के रहने वाले दो घायल मज़दूरों को भी गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है’.