रॉकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ द्वारा फैक्ट्री गेट पर चाय वितरण का आयोजन; शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम

rocket_tea_progaram

यूनियन ने “संकट में सद्भाव, विकट ठंड में गर्मी का अहसास; भाईचारा चाय वितरण आयोजन” उस वक्त किया, जब एक साल से माँगपत्र लंबित है और मज़दूर सत्याग्रह जारी है।

पंतनगर (उत्तराखंड)। ठिठुरती व विकट ठंड में रॉकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ ने मंगलवार को अपने सामाजिक दायित्व का निर्वाह करते हुए रॉकेट इंडिया, सिड़कुल, पंतनगर के गेट पर, यूनियन ध्वज के नीचे भाईचारा चाय वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह प्रबंधन की हठधर्मिता का विरोध भी था।

यूनियन ने इस एक दिवसीय आयोजन का शीर्षक दिया था- “संकट में सद्भाव, विकट ठंड में गर्मी का अहसास; भाईचारा चाय वितरण आयोजन।” हालांकि प्रबंधन ने इस कार्यक्रम को रोकने या कंपनी गेट पर न करने का लगातार दबाव बनाया, लेकिन यूनियन आयोजन पर अटल रही।

इस दौरान रॉकेट इंडिया के मज़दूरों के अलावा आस-पास की अन्य फैक्ट्रियों के मज़दूरों और ट्रक-बस-ऑटो ड्राइवर व तमाम दिहाड़ी मज़दूरों ने ठंड में चाय का आनंद लिया। हालांकि प्रबंधन इससे दूरी बनाए रखा।

राकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ के अध्यक्ष गोविंद सिंह ने बताया कि यूनियन ने अपना मांग पत्र जनवरी 2023 में कंपनी प्रबंधन को दिया था। एक साल बीत जाने के बाद भी प्रबंधन मांग पत्र का हल निकालने में विफल रहा। ऐसे में यूनियन ने अपने झंडे तले कड़ाके की ठंड में अपने मजदूर भाइयों को चाय पिलाते हुए अपना शांतिपूर्वक विरोध कार्यक्रम चलाया।

महामंत्री धीरज जोशी ने कहा कि इस ठिठुरती व विकट ठंड में पूंजीपतियों और मालिकों ने गरीब मेहनतकश जनता से मुंह फेरा हुआ है और मौसम की मार भी यही मेहनतकश आबादी झेल रही है। लेकिन मज़दूरों की दृढ़ता से आयोजित चाय वितरण कार्यक्रम से इसका फल भी मिला, अचानक दोपहर बाद कई दिन बाद धूप निकली और लोगों को कुछ समय के लिए ठंड से निजात मिला।

इस कार्यक्रम में यूनियन अध्यक्ष गोविंद सिंह के निर्देशन में कार्यकरिणी व यूनियन सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की और अपनी जिम्मेदारियां निभाई।

भूली-बिसरी ख़बरे