एमपी: पुरानी पेंशन बहाली आदि मांगों पर तीन लाख कर्मचारी 25 अगस्त को करेंगे हड़ताल

0
0

हड़ताल की तैयारी जारी। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि चरणबद्ध आंदोलन के बाद भी मध्‍य प्रदेश सरकार मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। इसलिए अब आंदोलन उग्र किया जाएगा

भोपाल। ग्रेड-पे में सुधार, पुरानी पेंशन बहाली सहित 39 सूत्रीय मांगों को लेकर छह बड़े कर्मचारी संगठनों से संबद्ध तीन लाख से अधिक कर्मचारी 25 अगस्त को एक दिन की कार्यालय बंद हड़ताल करेंगे।

इस हड़ताल की तैयारी के चलते कर्मचारियों ने शुक्रवार को जिला न्यायालय भोपाल, लोक निर्माण और महिला एवं बाल विकास संचालनालय में भोजनावकाश में गेट मीटिंग की। यहां कर्मचारी नेताओं ने कहा कि चरणबद्ध आंदोलन के बाद भी मध्‍य प्रदेश सरकार मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। इसलिए अब आंदोलन उग्र किया जाएगा।

मध्य प्रदेश अधिकारी कर्मचारी संघ मोर्चा, तृतीय वर्ग, लिपिक, वाहन चालक कर्मचारी, पेंशनर सहित दो अन्य कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन का संयुक्त आव्हान किया है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव उमाशंकर तिवारी ने बताया कि एक दिन की हड़ताल को सफल बनाने के लिए गेट मीटिंग कर अपील की गई है।

सभा को मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मोहन अय्यर, प्रदेश सचिव उमाशंकर तिवारी, जिला न्यायालय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज श्रीवास्तव, निगम मंडल के अध्यक्ष अनिल वाजपेयी, लोक निर्माण विभाग लिपिक संघ के अध्यक्ष रत्नेश सौंधिया ने संबोधित करते हुए 25 अगस्त को आकस्मिक अवकाश लेकर हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।

नईदुनिया से साभार