तमिलनाडु: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट; तीन महिला श्रमिकों सहित सहित नौ लोगों की मौत, कई घायल

2 महिला मजदूर पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले बारूद को उठाकर ले जा रही थीं। तभी उसमें धमाका हो गया। है। इसने आसपास के घर और दुकानों को भी चपेट में ले लिया।
तमिलनाडु के कृष्णागिरि जिले के पझयापेट्टाई में एक पटाखा फैक्ट्री में आज (शनिवार) को जोरदार विस्फोट हुआ है। इस विस्फोट में तीन महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई। घटना में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले के पझायापेट्टई में पटाखा बनाने की यूनिट में सुबह करीब 10 बजे यह हादसा हुआ। 2 महिला मजदूर पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले बारूद को उठाकर ले जा रही थीं। तभी उसमें धमाका हो गया। इनमें से कई घायल हो गए।
कितने लोग घायल हुए यह सही संख्या पता नहीं चल सकी है। धमाके से लगी आग ने आसपास के घर और दुकानों को भी चपेट में ले लिया। कई दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हो गए। एक होटल भी चपेट में आ गया और उसकी दीवार भी ढह गई।
कृष्णागिरी के एसपी सरोज कुमार ठाकुर ने बताया, ‘कृष्णागिरी ज़िले में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की घटना में अब तक कुल 9 लोगों की मौत की सूचना मिली है।’
पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव सेवाकर्मियों ने रेस्क्यू शुरू किया और घायलों को कृष्णागिरी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। घायलों में आस-पास के लोग व राहगीर भी शामिल हैं।
पीड़ितों में रवि, जयश्री, रूथिका, रुतेश, राजेशारी, इब्राहिम, इमरान आदि शामिल हैं। माना जा रहा है कि इमारत के मलबे में कुछ और लोग फंसे हुए हैं, फिलाहल मलबा हटाने का काम चल रहा है।
पटाखा फैक्ट्रियों में लगातार घटतीं दुर्घटनाएं
★ बीते मंगलवार को तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के शिवकाशी शहर में एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई थी।
★ तमिलनाडु के कांचीपुरम में 22 मार्ट को पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई थी। जबकि 17 लोग घायल हुए थे।
★ उत्तरप्रदेश के मेरठ के रोहटा क्षेत्र में पिछले महीने पटाखा फैक्ट्री में लगी आग में एक जिंदगी झुलसकर खाक हो गई। महिलाओं ने 10 फुट ऊंची दीवार कूदकर खुद को बचाया।
★ एक महीने पहले झांसी (उत्तरप्रदेश) के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सैंयर गांव में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद तेज धमाके के साथ पूरा गोदाम उड़ गया। करीब आधा घंटे तक हुए धमाकों से 3 गांव में दहशत का माहौल हो गया।