मानी ताऊ इक्यूपमेंट फैक्ट्री मज़दूरों की श्रम न्यायालय से जीत, कार्यबहाली के लिए संघर्ष जारी

Mti_faictri_workrs_protest

नाराज श्रमिकों ने विरोध सभा कर चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक प्रबंधन ने श्रम न्यायालय द्वारा जारी आदेश का पालन नहीं किया तो वे कभी भी आंदोलन पर जा सकते हैं।

नोएडा (उत्तरप्रदेश)। श्रम न्यायालय ने मज़दूरों के हक़ में फैसला देते हुए ग्रेटर नोएडा स्थित ऑटो मोबाइल कंपनी ‘मानी ताऊ इक्यूपमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ में छँटनी को अवैध घोषित कर दिया है। प्रबंधन इस फ़ैसले को मानने से इनकार कर रहा है। जिससे मज़दूरों में काफ़ी गुस्सा है।

एक बार फिर प्रबंधन और मज़दूर आमने-सामने हैं। मज़दूर यूनियन ने प्रबंधन से कोर्ट का फ़ैसला लागू करने को कहा है। गुरुवार को यूनियन ने कंपनी के बाहर सभा कर कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कार्यबहाली न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

न्यायालय के आदेश को नहीं मान रहा है प्रबंधन

‘मानी ताऊ इक्यूपमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ उद्योग विहार, ग्रेटर नोएडा में स्थित है। कंपनी प्रबंधन ने यूनियन के पदाधिकारी एवं श्रमिक जितेंद्र सिंह व रवि प्रकाश को ग़ैर-क़ानूनी तरीके से नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। इसके खिलाफ मज़दूरों ने बड़ा आंदोलन किया था।

10 नवंबर 2022 को श्रम अधिकारियों की मौजूदगी में हुए त्रिपक्षीय समझौते में यह सहमति बनी थी कि न्यायालय का जो भी आदेश आएगा उसे सभी पक्ष स्वीकार करेंगे।

अब श्रम न्यायालय ने श्रमिकों को वेतन सहित कार्यबहाली का आदेश दिया है, जिसे प्रबंधन मानने को तैयार नहीं है। मज़दूर नेता राम सागर ने बताया कि प्रबंधन की ज़िद व मनमानी के चलते फिर से संस्थान में अशांति उत्पन्न होने की संभावना बढ़ गई है।

यूनियन ने आंदोलन की दी चेतावनी

नाराज श्रमिकों ने विरोध सभा कर चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक प्रबंधन ने श्रम न्यायालय द्वारा जारी आदेश का पालन नहीं किया तो वे कभी भी आंदोलन पर जा सकते हैं।

‘मानी ताऊ एम्पलाइज यूनियन’ के अध्यक्ष मोहम्मद फिरोज़ खान व महामंत्री संतोष कुमार ने कहा कि “कंपनी प्रबंधन को मनमानी नहीं करने दी जाएगी और अगर प्रबंधन ने यूनियन के साथ हुए समझौते का पालन नहीं किया तो कर्मचारी फिर से संस्थान स्तर पर आंदोलन शुरू कर देंगे जिसके लिए कंपनी प्रबंधक ही ज़िम्मेदार होंगे।

गुरुवार को मज़दूरों ने कंपनी के बाहर एक सभा की जिसे सीटू नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा, रामसागर, राम स्वारथ, मुकेश कुमार राघव, किसान नेता डॉक्टर रुपेश वर्मा, जगबीर नंबरदार और विनोद आदि ने संबोधित किया और मज़दूरों को आश्वासन दिया कि वे इस संघर्ष में उनके साथ हैं।

वहीं इसके अलावा मज़दूर यूनियन ने ग्रेटर नोएडा पर किसान सभा की अगुवाई में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया।

बता दें कि श्रमिक नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा के नेतृत्व में 26 मई को सूरजपुर, ग्रेटर नोएडा स्थित ज़िलाधिकारी कार्यालय में किसानों के आंदोलन के समर्थन में ट्रेड यूनियनों की ओर से संयुक्त रूप से एक ज्ञापन दिया दिया गया। इस ज्ञापन के ज़रिए किसानों की सभी समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

साथ ही उन्होंने श्रम विभाग व ज़िला प्रशासन से मानी ताऊ कंपनी और कर्मचारियों के बीच विवाद के समाधान हेतु तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की ताकि संस्थान में औद्योगिक श्रम शांति बनी रहे।

साभार: न्यूज क्लिक

भूली-बिसरी ख़बरे