लुधियाणा: अंतरर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस 1 मई को होगा ‘मज़दूर दिवस सम्मेलन’; निकला झंडा मार्च

पहली मई अंतरर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस पर मज़दूर शिकागो के मज़दूर शहीदों की याद में मजदूर वर्ग की पूँजीपति वर्ग के हाथों गुलामी से मुक्ति के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे।
लुधियाणा (पंजाब)। कारखाना मज़दूर यूनियन, पंजाब द्वारा जीवन नगर इलाके में झंडा मार्च करके मज़दूरों समेत सभी मेहनतकश लोगों को पहली मई को होने जा रहे ‘मज़दूर दिवस सम्मेलन’ में पहुँचने का आह्वान किया गया। इस दौरान इलाके में अनेकों जगहों पर इलाका निवासियों को संबोधित किया गया, पर्चे बाँटे गए।
इस संबंधी 21 अप्रैल को प्रेस नोट जारी करते हुए कारखाना मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष लखविंदर ने बताया कि पहली मई को जमालपुर कालोनी में स्थित एल.आई.जी. कालोनी में कारखाना मज़दूर यूनियन और टेक्सटाइल हौजरी कामगार यूनियन द्वारा सम्मेलन किया जाएगा। नौजवान भारत सभा और पेंडू मज़दूर यूनियन (मशाल) भी सम्मेलन में सहयोगी हैं।

मई दिवस का क्रांतिकारी संदेशा बड़े स्तर पर मज़दूर-मेहनतकश आबादी तक पहुँचाने के लिए संगठनों की ओर से दो हफ़ते का प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। हज़ारों की संख्या में पर्चा और पोस्टर जारी किया गया है। मीटिंगे, नुक्कड़ सभाएँ की जा रही हैं।
पहली मई को दुनिया भर में अंतरर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस के अवसर पर इकट्ठा होकर मज़दूर शिकागो के मज़दूर शहीदों की याद में मजदूर वर्ग की पूँजीपति वर्ग के हाथों गुलामी से मुक्ति के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लेंगे। अंतरर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस की यह शिक्षा है कि मज़दूर वर्ग की मुक्ति खुद मज़दूर वर्ग के हाथों से ही होगी।
अंतरर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस की क्रांतिकारी विरासत मज़दूरों को देश, राष्ट्र, जाति, धर्म, नस्ल आदि के विभाजन को खारिज करके वर्ग एकता बनाकर लुटेरी पूँजीवादी-साम्राज्यवादी व्यवस्था के खात्मे के लिए संघर्ष को तेज़ करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान विश्व परिस्थितियों में, जब पूँजीवादी-साम्राज्यवादी लूट पहले से कहीं अधिक तेज़ हो गई है तो ऐसे समय में अंतरर्राष्ट्रीय मज़दूर दिवस का महत्व बहुत बढ़ गया है। मज़दूर यूनियनों ने अंतरराष्ट्रीय मज़दूर दिवस मनाने को रस्म अदायगी की गतिविधियों तक सीमित करने की कोशिशों का विरोध करते हुए, इसकी महान विरासत और शिक्षाओं से मज़दूरों को परिचित करवाते हुए, पूरे क्रांतिकारी उत्साह के साथ मज़दूरों के सबसे बड़े त्यौहार को मनाने का आह्वान किया है।