करनाल: राइस मिल की तीन मंजिला इमारत ढहने से चार प्रवासी मज़दूरों की मौत, 20 जख्मी

शिव शक्ति राइस मिल में आधी रात को जब इमारत ढही तब 150 से ज्यादा श्रमिक वहाँ मौजूद थे। यहाँ राइस मिल के मजदूर सोते थे। कई मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।
हरियाणा में करनाल जिले के तरावड़ी इलाके में एक चावल मिल की तीन मंजिला इमारत ढहने से बिहार के चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई और 20 अन्य जख्मी हो गए। कई मजदूरों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका हैं।
सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे शिव शक्ति राइस मिल में जब यह घटना हुई तब 150 से ज्यादा श्रमिक मिल में मौजूद थे। इस इमारत में राइस मिल के मजदूर सोते थे।
करनाल के पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार ने पीटीआई-भाषा को फोन पर बताया, ‘घटना में बिहार के चार मजदूरों की मौत हो गई और 20 अन्य जख्मी हो गये।’
घायलों को इलाज के अस्पताल भेज दिया गया है। 5 से 6 मजदूर अभी भी अंदर होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पुलिस का कहना है कि मलबे में दबे मजदूरों को निकाला जा रहा है। जल्द ही सभी को निकाल लिया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार घटना में कुल 24 लोग प्रभावित हुए। ढांचे में लगभग 150 लोग रहते थे और कुछ लोग समय पर खिड़कियों से बाहर आने में कामयाब रहे। 24 प्रभावित लोगों में से 20 घायल हैं और चार की मौत हो गई है।
उपयुक्त ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि इमारत असुरक्षित थी। इसके लिए उपमंडल मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। कार्यपालक अभियंता (भवन एवं सड़क) इसके सदस्य होंगे। वे घटना की रिपोर्ट सौंपेंगे।
खबर लिखे जाने तक घटनास्थल से मलबा हटाने का काम जारी है।