वार्ता फिर बेनतीजा; बेलसोनिका मज़दूर संघर्षरत, प्रबंधन की हठधर्मिता व गैरकानूनी कृत्य जारी

0
0

बेलसोनिका यूनियन ने कहा कि प्रबंधन की छंटनी की मंशा, ठेका प्रथा, निकाले गए साथियों की बहाली के लिए आंदोलन और तेज होगा। 8 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रेस कांफ्रेंस तय।

गुड़गांव। मानेसर स्थित बेलसोनिका कंपनी के प्रबंधन की हठधर्मिता से विवाद गहराता जा रहा है और मजदूरों का संघर्ष जारी है। इस बीच सहायक श्रम आयुक्त की मध्यस्तता में 5 अप्रैल की वार्ता फिर बीनतीजा रहा। अब 10 अप्रैल को अतिरिक्त उपायुक्त गुरुग्राम की अध्यक्षता में वार्ता होगी।

संघर्ष के क्रम में बेलसोनिका यूनियन ने आगामी 8 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर दोपहर 3 बजे प्रेस कांफ्रेंस करने का ऐलान किया है।

यूनियन का कहना है कि फैक्ट्री में ठेका मजदूरों के द्वारा मुख्य उत्पादन का कार्य कराया जा रहा है और बाउंसरो को फैक्ट्री में तैनात कर अनुचित श्रम अभ्यास की कार्यवाही लगातार की जा रही है।

यूनियन द्वारा जारी पर्चे में मज़दूरों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लिखा है। मज़दूरों की मुख्य मांग है कि निलंबित किए गए सभी दस मज़दूरों और तीन यूनियन पदाधिकारियों को तत्काल काम पर वापस लिया जाये। साथ ही बर्खास्त किये गए तीन मज़दूरों को भी कार्यबहाल किया जाये।

ज्ञात हो कि हरियाणा के मानेसर स्थित मारुति के पार्ट्स बनाने वाली बेलसोनिका कंपनी प्रबंधन द्वारा लगातार जारी शोषण व दमन के खिलाफ मज़दूरों का संघर्ष लगातार जारी है। मजदूरों ने बीते 30 मार्च को 2 घंटे का टूल डाउन किया था। इसके बाद प्रबंधन ने 10 मज़दूरों को निलंबित कर दिया था। इससे पूर्व बीते 17 मार्च को बेलसोनिका यूनियन के तीन पदाधिकारियों को भी निलंबन का नोटिस थमाया था।

https://mehnatkash.in/2023/03/31/manesar-unbridled-arbitrariness-of-belsonica-management-worker-forced-to-tool-down/

यूनियन द्वारा मज़दूरों के नाम जारी अपील

मज़दूर साथियों के नाम जारी अपील में यूनियन ने लिखा है कि 5 अप्रैल 2023 को सहायक श्रमायुक्त महोदय की मध्यस्थता में बेलसोनिका यूनियन व प्रबंधन की वार्ता हुई। वार्ता में प्रबंधन की तरफ से दो अधिकारी मौजूद थे।

सहायक श्रमायुक्त महोदय ने प्रबंधन से सवाल पूछा कि क्या आप निलम्बित किये 13 मजदूरों को तथा बर्खास्त किये 3 मजदूरों को कार्य पर वापिस ले रहे है कि नही? प्रबंधन ने इस पर कहा कि हम किसी भी मजदूर को वापिस नही ले रहे है। हमनें इन श्रमिको को आरोप पत्र दिए है। इनकी कानूनी कार्यवाही चलेगी।

यूनियन ने सहायक श्रम आयुक्त महोदय को कहा कि प्रबंधन 10-15 सालों से कार्य कर रहे श्रमिकों को फर्जी बताकर उनकी छंटनी करना चाहता है। इस पर प्रबंधन अपनी मंशा को त्याग कर यूनियन के साथ समझौता करें।

यूनियन की इस बात पर प्रबंधन ने उत्तेजित होकर कहा कि गुड़गांव की बहुत सारी फैक्ट्रियों में जिनमें यूनियन भी है, परमानेंट मजदूरों को फर्जी दस्तावेजों का हवाला देकर आरोप पत्र देकर बाहर निकाला जा चुका है, बेलसोनिका यूनियन हमारे यहां इनको क्यों नहीं निकलने देती?

https://mehnatkash.in/2023/03/27/8-hour-hunger-strike-by-belsonica-workers/

प्रबंधन की चाहत, यूनियन छँटनी की मंशा पूरी होने दे

यूनियन ने सहायक श्रम आयुक्त महोदय को कहा कि प्रबंधन की असली पीड़ा यही है कि हमारी यूनियन प्रबंधन की छटनी की इस मंशा को परवान नहीं चढ़ने दे रही है। प्रबंधन ने फर्जी दस्तावेजों के नाम पर शुरू की छिपी छंटनी की प्रक्रिया पर अपना अड़ियल रुख अभी तक अख्तियार कर रखा है।

यूनियन ने मज़दूर साथियों को संबोधित करके बताया कि 21 मार्च 2023 की वार्ता में अतिरिक्त उपायुक्त महोदय ने प्रबंधन से बेलसोनिका फैक्ट्री में श्रमिकों की भर्ती का क्राइटेरिया/ मापदंड, नोटिफिकेशन इत्यादि के दस्तावेज मांगे थे। और साथ में प्रबंधन से जनवरी माह, फरवरी माह व मार्च माह 2023 में भर्ती किए गए ठेका मजदूरों का रिकॉर्ड नाम सहित 24 मार्च की बैठक में प्रस्तुत करने को कहा था।

इस आलोक में सहायक श्रम आयुक्त महोदय ने लिखित आदेश निकालकर प्रबंधन से यह दो चीजें मांगी थी। 24, 27 व 29 मार्च की वार्ता नही हो सकी। 31 मार्च व 5 अप्रैल की वार्ता में सहायक श्रम आयुक्त ने जब प्रबंधन से उपरोक्त दो दस्तावेज मांगे, जिसे प्रबंधन नहीं दे पाया।

https://mehnatkash.in/2023/03/23/family-members-of-bellsonica-workers-protest-suspension-of-union-members/

प्रबंधन का फर्जीवाड़ा जारी, आंदोलन होगा तेज

यूनियन का कहना है कि साफ है कि बेलसोनिका प्रबंधन के पास ऐसी कोई भी जानकारी नही है। स्पष्ट है कि प्रबंधन ने फर्जीवाड़ा किया है और उसका गैरकानूनी कार्य लगातार जारी है। फैक्ट्री में ठेका मजदूरों से मुख्य उत्पादन का कार्य कराया जा रहा है और बाउंसरो को फैक्ट्री में तैनात कर अनुचित श्रम अभ्यास की कार्यवाही लगातार जारी रही है।

यूनियन नेताओं ने बताया कि 5 अप्रैल की वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल पाया। सहायक श्रम आयुक्त ने आगामी दिनांक 10 अप्रैल को अतिरिक्त उपायुक्त महोदय गुरुग्राम की अध्यक्षता में समाधान वार्ता बुलाई है।

इस बीच बेलसोनिका यूनियन ने 8 अप्रैल को दिल्ली के जंतर-मंतर पर दोपहर 3 बजे प्रेस कांफ्रेंस करने का ऐलान किया है।

नेताओं ने कहा कि यूनियन प्रबंधन की छंटनी की मंशा, ठेका प्रथा, निकाले गए मजदूर साथियों की बहाली के लिए अपने आंदोलन को तेज करेगी। सभी साथी अपनी एकजुटता व धैर्य बनाए रखें।