गुड़गांव में मज़दूर सम्मेलन: बेलसोनिका यूनियन पर मनेजमेंट के चल रहे निरंतर दमन को चुनौती

दिनांक 12 फरवरी 2023 को बेलसोनिका यूनियन द्वारा मजदूर सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मलेन के माध्यम से मज़दूरों ने ठा मज़दूर की सदस्यता का मुद्दा बना कर बेलसोनिका यूनियन पर मनेजमेंट के चल रहे निरंतर दमन को चुनौती दी।

WhatsApp-Image-2023-02-12-at-21.47.54

एक ठेका मज़दूर को यूनियन सदस्यता देने पर यूनियन को रद्द करने की कोशिश का पुरज़ोर विरोध

गुड़गांव | दिनांक 12 फरवरी 2023 को बेलसोनिका यूनियन द्वारा गुरुग्राम डीसी कार्जयालय के बाहर मज़दूर सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मलेन के माध्यम से मज़दूरों ने ठेका मज़दूर की सदस्यता का मुद्दा बना कर बेलसोनिका यूनियन पर मनेजमेंट के चल रहे निरंतर दमन को चुनौती दी। सम्मेलन में शामिल हो कर विभिन्न मज़दूर संगठन व यूनियनों ने बेल्सोनिका के संघर्षरत मज़दूरों के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

इनमें गुड़गांव-मानेसर से मारूति कार प्लांट, पावरट्रेन व प्रोविजनल कमेटी व हिताची ठेका मज़दूर यूनियन के साथी शामिल हुए। अन्य क्षेत्रों से इंटरार्क यूनियन पंतनगर, संयुक्त संघर्षशील ट्रेड यूनियन मोर्चा हरिद्वार, आइसिन रोहतक व सितारगंज, बरेली, दिल्ली, ग़ाज़ियाबाद और फ़रीदाबाद के मज़दूर शामिल हुए।

साथ ही मासा के प्रतिनिधि, इंकलाबी मज़दूर केंद्र, मज़दूर सहयोग केंद्र, इफ्टू सर्वहारा, ग्रामीण मज़दूर यूनियन, श्रमिक संग्राम समिति व जन संघर्ष मंच के साथियों ने सम्मलेन में अपने विचार साझा किये।

एक ठेका मजदूर को यूनियन की सदस्यता दिए जाने पर ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार हरियाणा द्वारा बीते 26 दिसंबर को यूनियन के पंजीकरण को रद्द करने का नोटिस जारी किया गया था। यूनियन ने बेलसोनिका फैक्ट्री में 8 सालों से अधिक समय से कार्य करने वाले एक ठेका श्रमिक को यूनियन की सदस्यता दी थी।

इसको लेकर बेलसोनिका प्रबंधन ने ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार हरियाणा को पत्र लिखकर यूनियन द्वारा ठेका मजदूर को सदस्यता देने पर यूनियन का पंजीकरण रद्द करने की सिफारिश की थी। प्रबंधन की इस सिफारिश को ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार हरियाणा ने स्वीकार करते हुए यूनियन को रद्द करने बारे एक कारण बताओ नोटिस थमा दिया था।

यूनियन ने 12 फरवरी को एक ठेका मजदूर को यूनियन की सदस्यता देने पर ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार हरियाणा द्वारा भेजे गए कारण बताओ नोटिस को वापिस लेने, खुली व छिपी छंटनी पर रोक लगाने, चार लेबर कोड्स को रद्द करने तथा मजदूरों को ठेका व स्थाई में बांटकर वर्गीय एकता को तोड़ना बंद करने बारे सम्मेलन का आयोजन किया।

बेलसोनिका प्रबंधन फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों को छंटनी कर बाहर निकालना चाहता है तथा उनके स्थान पर 6 माह के ठेका मजदूरों को तथा प्रशिक्षण के नाम पर अधिकार विहीन मजदूरों को भर्ती कर मजदूरों के श्रम की खुली लूट करना चाहता है। बेलसोनिका यूनियन ने एक ठेका मजदूर को यूनियन की सदस्यता देकर फैक्ट्री मालिक की श्रम की लूट पर हमला बोला है। जिसको लेकर फैक्ट्री प्रबंधन व श्रम विभाग एकजुट होकर यूनियन को डराने धमकाने व कमजोर करना चाहते हैं। फैक्ट्री मालिक की श्रम की खुली लूट को ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार हरियाणा भी बरकरार रखना चाहता है।


बेलसोनिका यूनियन द्वारा आयोजित किए गए इस मजदूर सम्मेलन में गुड़गांव की यूनियनों, मजदूर संगठनों, उत्तराखंड से, रुद्रपुर से, पंतनगर, हरिद्वार, रामनगर, बरेली, दिल्ली व फरीदाबाद आदि जगह से मजदूर संगठनों ने हिस्सा लिया।

मजदूर सम्मेलन में आए तमाम यूनियन प्रतिनिधियों तथा मजदूर संगठनों ने ट्रेड यूनियन रजिस्ट्रार द्वारा बेलसोनिका यूनियन को रद्द करने बारे भेजे गए कारण बताओ नोटिस की घोर निंदा की तथा इसे गैरकानूनी बताया। सभी वक्ताओं ने अपनी बात में कहा कि जिस तरह से शासक वर्ग के मजदूर वर्ग पर हमले बढ़ रहे हैं उनको देखते हुए मजदूर वर्ग को अपनी फैक्ट्री के भीतर व बाहर वर्गीय एकता बनाकर ही शासक वर्ग को मुंहतोड़ जवाब दे सकता है।