झारखंड: गिरिडीह की अतिवीर लौह फैक्ट्री में ब्लास्ट, तीन मज़दूर बुरी तरह झुलसे

फैक्ट्री की फर्नेस आयल की टंकी में वेल्डिंग से गैस भर गया। अचानक टंकी में विस्फोट हो गया और टंकी के ऊपर काम कर तीन मज़दूर आग की लपटों में घिरकर बुरी तरह झुलस गए।
गिरिडीह (झारखंड)। गिरिडीह औधोगिक क्षेत्र में स्थित अतिवीर लौह फैक्ट्री में हुए हादसे में कई मजदूर झुलस गए। मज़दूरों के अनुसार नीचे इलेक्ट्रिक टंकी में वेल्डिंग का काम हो रहा था। कुछ मजदूर ऊपर काम कर रहे थे। अचानक टंकी में विस्फोट हो गया और वे आग की लपटों में घिरकर झुलस गए। तीन मज़दूरों के शरीर का आधा से अधिक हिस्सा जल गया है।
खबर के अनुसार गिरिडीह जिले के अतिवीर फैक्ट्री है, जहां पर लोहा पिघलाकर छड़ (सरिया) बनाए जाते हैं। बृहस्पतिवार की शाम को फैक्ट्री का गर्म तेल टंकी ब्लास्ट हो गया। इस हादसे की वजह से वहां काम कर रहे तीन मज़दूर बुरी तरह झुलस गए।
इस हादसे में बांकुड़ा के रहनेवाले मज़दूर तरुण, नंदू और अमित बुरी तरह झुलस गए हैं। मज़दूरों को घायल अवस्था में इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि तीनों मजदूर के शरीर का आधा से अधिक हिस्सा जल गया है, हालांकि सभी का इलाज चल रहा है और सभी की स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है।
मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक आयल फर्नेस में मरम्मती का कार्य चल रहा था, इसी दौरान हादसा हुआ। इस हादसे में घायल मजदूर नंदू ने बताया कि वे सभी लोग फर्नेस के आसपास ही काम कर रहे थे। अचानक टंकी ब्लास्ट होने से वे सभी लोग घायल हो गए, उसके बाद उन लोगों को होश नहीं रहा, अस्पताल में आने के बाद होश में आए।
फैक्ट्री प्रबंधक मनोज पांडे ने बताया कि फैक्ट्री काफी दिनों से बंद है। यहां फर्नेस आयल की टंकी में छेद हो गया था। इस छेद में वेल्डिंग किया जा रहा था। तीन मज़दूरों को टंकी के ऊपर भेजा गया था। वेल्डिंग के कारण टंकी के अंदर गैस बन गया था। जैसे ही मज़दूरों ने टंकी का ढक्कन खोला तो आवाज हुआ और तीनों झुलस गए।
जानकारों का कहना है कि इस लौह फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों को धत्ता बताते हुए मजदूरों से काम कराया जाता है, जिसके कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।
हाल के दिनों में गिरिडीह जिले के लगभग सभी फैक्ट्रीयों में सुरक्षा मानकों का घोर उल्लंघन देखा जा रहा है जिसका खामियाजा वहां पर काम कर रहे मजदूरों को अपनी जान गवां कर भुगतना पड़ता है। इसी तरह एक सप्ताह पहले ही राइस फैक्ट्री में एक व्यक्ति की जान चली गई थी जिसके बाद मुआवजे को लेकर हो हंगामा हुआ था।