पुरानी पेंशन बहाली व अन्य माँगों के साथ सफाई कर्मियों ने निकाली बाइक रैली

Old_penshan_protest

पुरानी पेंशन बहाली के के साथ सफाई कर्मचारियों को प्रधानों के नियंत्रण से मुक्त करने, विभागीय नियमावली बनाने, पदनाम बदलकर पंचायत सेवक करने सहित 5 सूत्रीय माँग उठी।

उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी के बैनर तले उराई में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली समेत पांच सूत्री मांगों को लेकर टाउनहाल में सभा की। इसके बाद कलक्ट्रेट तक बाइक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पंचायती राज में सफाई कर्मचारियों का प्रधानों द्वारा शोषण हो रहा है। लिहाजा सफाई कर्मचारियों को प्रधानों के नियंत्रण से मुक्त कर ब्लॉक स्तर के अधीन किया जाए। पंचायत राज विभाग के सफाई कर्मचारियों के लिए विभागीय नियमावली बनाई जाए। साथ ही पंचायत सफाई कर्मचारियों का पदनाम बदलकर पंचायत सेवक किया जाए।

प्रदेश संगठन मंत्री आशीष झा ने कहा कि पंचायती राज विभाग में सफाई कर्मचारी जिस पद पर भर्ती हुए थे, अभी तक उसी पद पर काम कर रहे हैं। लिहाजा उनकी भी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जाए। दिनेश कुमार वैज्ञानिक ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली के नाम पर सत्ता में आई सरकार कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है। यदि कर्मचारियों की मांगें जल्द नहीं मानी गई तो कर्मचारी आंदोलन का रास्ता अख्तियार करेंगे।

गनपत सिंह ने कहा कि कई बार ज्ञापन के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। शासन प्रशासन का यह रवैया ठीक नहीं है। इसके बाद प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, पंचायतीराज मंत्री को संबोधित अलग-अलग ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को दिए गए।

इस दौरान सूरज प्रसाद, रामबाबू, देवीदयाल, देवेंद्र कुशवाहा, नाजिर अली, सुखवीर, सुनील वाल्मीकि, संतोष, धर्मेंद्र, खेमराज, अखिलेश चक्रवर्ती आदि मौजूद रहे।

अमर उजाला से साभार