इंदौर : अहिल्या विश्वविद्यालय के कर्मचारी हड़ताल पर तक्षशिला परिसर गेट के बाहर प्रदर्शन
त्यौहार के पूर्व वेतनवृद्धि नहीं होने से विश्वविद्यालय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी नाराज है। विश्वविद्यालय प्रबंधन की हठधर्मिता से कोई निराकरण नहीं निकालने से हड़ताल पर गए।
वेतनवृद्धि ना मिलने से नाराज देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर उतर आए। विश्वविद्यालय के तक्षशिला परिसर गेट के बाहर उन्होंने दो घंटे प्रदर्शन और नारेबाजी की। जिसके बाद वे अपने-अपने कार्य क्षेत्र पर पहुंचे, लेकिन काम नहीं किया। हालांकि विश्वविद्यालय प्रबंधन ने दोपहर में कर्मचारियों को चर्चा के लिए बुलाया है। हालांकि कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से विश्वविद्यालय का काम प्रभावित हो सकता है।
दरअसल, त्यौहार के पूर्व वेतनवृद्धि नहीं मिलने से विश्वविद्यालय के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय स्ववित्त संस्थान कर्मचारी (गैर शिक्षक) संघ के पदाधिकारी नाराज है। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से चर्चा भी की, लेकिन कोई निराकरण नहीं हुआ। इसके चलते कर्मचारी बुधवार को हड़ताल पर उतर आए।
तक्षशिला गेट पर बुधवार सुबह कर्मचारी जमा हुए। कार्य बहिष्कार आंदोलन, क्रमबद्ध आंदोलन के हाथों में पोस्टर-बैनर लेकर कर्मचारियों ने कर्मचारी एकता जिंदाबाद, हम सब एक हैं के नारे लगाए। करीब दो घंटे तक कर्मचारियों ने तक्षशिला परिसर के गेट पर प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। जिसके बाद वे अपने-अपने कार्य स्थल पर पहुंचे, मगर विरोध स्वरूप काम नहीं किया। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय स्ववित्त संस्थान कर्मचारी (गैर शिक्षक) संघ के अध्यक्ष दीपक सोलंकी के मुताबिक अगर मांग पूरी नहीं होती है तो आगामी 13 नवंबर तक इसी प्रकार प्रदर्शन किया जाएगा। जिसके बाद 15 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
गौरतलब है कि कर्मचारियों ने अपने मांग को लेकर पहले ही विश्वविद्यालय प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर अवगत करा दिया था। इसके साथ ही हड़ताल पर जाने की भी जानकारी दे दी थी। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा भी की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद बुधवार दोपहर को कर्मचारियों से दोबारा चर्चा कर सकता है। हालांकि इस चर्चा के बाद ही तय होगा कि कर्मचारी आगे हड़ताल जारी रखेंगे या इसे समाप्त करेंगे।
दैनिक भास्कर से साभार