उत्तराखंड : विभिन्न माँगों को लेकर कर्मचारी-शिक्षक 26 अक्तूबर से करेंगे हड़ताल

WhatsApp Image 2021-10-21 at 12.10.48 AM

सरकार पर अनदेखी का आरोप; एसीपी, गोल्डन कार्ड और पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति में शिथलीकरण, विभागों के पुनर्गठन पर समुचित कार्यवाही न होने से कर्मचारियों में आक्रोश है।

उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति की जिला शाखा की बैठक में पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर 26 अक्तूबर से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। इसलिए कर्मचारियों को हड़ताल जाने का कदम उठाना पड़ा है।

ऋषिकुल प्रांगण में आयोजित बैठक में समन्वय समिति के प्रदेश संयोजक एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण कुमार पांडेय ने कर्मचारियों से एकजुट रहकर आंदोलन को परिणाम तक पहुंचाने की अपील की। पांडेय ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की अनदेखी कर रही है। एसीपी, गोल्डन कार्ड और पुरानी पेंशन बहाली, पदोन्नति में शिथलीकरण, विभागों के पुनर्गठन पर समुचित कार्यवाही न होने से कर्मचारियों में आक्रोश है।

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष जेपी चाहर ने कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों के लिए सभी संगठनों से मिलकर लड़ने का प्रस्ताव रखा। समन्वय समिति के जनपद संयोजक केसी शर्मा और ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अनुज चौहान, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिला हरिद्वार की जिला मंत्री अंकुर चौहान, संयुक्त संघर्ष समिति ऋषिकुल, गुरुकुल के संयोजक केएन भट्ट, अनिल नेगी ने हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।

समिति के संयोजक दिनेश लखेड़ा, जिलाध्यक्ष शिवनारायण और जिलामंत्री राकेश भंवर ने जनपद के कर्मचारी आंदोलनों का हवाला देते हुए कहा कि इस बार आंदोलन ऐतिहासिक होगा। उपशाखा अध्यक्ष ऋषिकुल छत्रपाल सिंह, मनोज पोखरियाल ने कहा कि कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एसीपी लगभग दो वर्ष बीतने के बाद भी नहीं लगा है। बैठक को मोहित मनोचा, छत्रपाल सिंह, केसी शर्मा, अनुज चौहान, अंकुर चौहान, आशुतोष, दिनेश ठाकुर, रामपाल सिंह, ज्योति नेगी, दीपक अधाना, अनिल नेगी, अजय कुमार, अशोक कुमार, केके तिवारी, रामकुमार चौधरी, मूलचंद चौधरी समेत कई कर्मी मौजूद रहे।