छत्तीसगढ़ : श्री सीमेंट फैक्ट्री में बड़ा हादसा, 2 श्रमिक की मौत, 10 घायल

फैक्ट्री के भीतर मची अफर-तफरी, मज़दूर आंदोलित
फैक्ट्री में लगातार हादसों और मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है। ताजा घटना बलौदाबाजार के खपराडीह में श्री सीमेंट फैक्ट्री की है, जहाँ असुरक्षित परिस्थितियों के बीच क्रेन के नीचे दबकर 2 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई और 10 घायल हैं। घटना के बाद से मज़दूर आंदोलित हैं।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार से 15-20 किमी दूर ग्राम खपराडीह स्थित श्री सीमेंट कंपनी में सोमवार देर रात सीमेंट संयंत्र में तीसरी यूनिट निर्माण का काम चल रहा है। रात लगभग नौ बजे क्रेन से लोहे को उठाने के दौरान अचानक नीचे गिरने से वहां खड़े मजदूर दब गए। इस दौरान मजदूरों में अफरातफरी मैच गई।
इस हादसे में मौके पर ही दो मजदूरों की मौत हो गई और आठ से दस घायल हो गए। इनमें से कई को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को बलौदाबाजार के चंदा देवी अस्पताल भेजा गया है।
घटना की जानकारी लगते ही देर रात तक पुलिस रेस्क्यू कर घायलों को निकालती रही। तेज बारिश होने के कारण बीच में बचाव कार्य रोक दिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि क्रेन के नीचे और भी कुछ मजदूर दबे हो सकते हैं। सुबह से ही रेस्क्यू अभियान फिर से शुरू कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर बाहरी प्रदेश के हैं। घटना के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश है, जिसको देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल ने घटना की पुष्टि की है, लेकिन पुलिस घायल मजदूरों की संख्या नहीं बता पा रही हैं। इधर श्री सीमेंट प्रबंधन ने मृत श्रमिकों के स्वजनों को 17.50 लाख रुपये देने की बात कही है।