चेन्नई: किराए न दे पाने पर मकान मालिक ने प्रवासी मज़दूरों पर प्लास्टिक पाइप से किया हमला

migrant-worker-was-attacked

वायरल वीडियो में गिड़गिड़ाते हुए नजर आए मज़दूर

चेन्नई में प्रवासी मजदूरों द्वारा किराया न देने पर मकान मालिक ने प्लास्टिक के पाइप से पिटाई कर दी। इस बर्बर कारनामे को एक मज़दूर ने अपने मोबाइल में कैद लिया और अब ये वायरल हो गया है।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें एक व्यक्ति मजदूरों को मारता हुआ नजर आ रहा है। मजदूर खुद को बचाने के लिए मिन्नतें मांगते हुए दिखे।

पुलिस के अनुसार, ”कोरोना के विभिन्न प्रतिबंधों के चलते मकान में रहने वाले किराएदार बेरोज़गार हैं। उन्होंने पिछले दो महीनों से कमरे का किराया भी नहीं दिया था। वे इस हफ्ते अपने घर वापस लौटने के बारे में सोच रहे थे। लेकिन जैसे ही ये बात सुरेशराज (मकान मालिक)  को पता चली वो उनके कमरे में किराया लेने के लिए पहुंच गया।”

पुलिस के अनुसार, बहस के दौरान सुरेशराज ने तीन फीट के प्लास्टिक पाइप से मज़दूरों को मारना शुरू कर दिया। एक मजूदर ने इस घटना की वीडियो बना ली जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

24 सेकेंड के सामने आये वीडियो में सुरेशराज मज़दूरों को डराता हुआ नजर आ रहा है और मज़दूर उन्हें छोड़ देने के लिए हाथ जोड़कर विनती करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

आरोपी 40 वर्षीय सुरेशराज, थिरुमुदिवाक्कम के सरोजनी गली का निवासी है। वह डीएमडीके का एक जिला पदाधिकारी भी है। उसने अपना मकान, कारखानों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों को किराए पर दिया हुआ है।

ओडिशा के रहने वाले 25 वर्षीय पी. प्रदीप कुमार जना की शिकायत पर कुन्द्रथुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कोरोना की दूसरी लहर की गाज देश भर के प्रवासी मज़दूरों पर गिर रही है। अगर वे किसी तरह इस संक्रमण के चपेटे में आने से बच गए तो या तो उन्हें अपने गृह राज्यों की तरफ वापस जाना पड़ रहा है या फिर शहरों में बेरोज़गारी के दंश से उत्पन्न हुई दूसरी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मोदी सरकार ने पिछले साल जो ज़बानी जमा खर्च किया था, इस बार उसने मज़दूरों के लिए दो शब्द भी नहीं कहे और मज़दूर बेरोज़गारी, भूख और लाचारी में खुद को बचाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।