गुजरात के अस्पताल में आग, कम से कम 18 कोरोना मरीजों की मौत

देर रात की घटना, मृतकों की संख्या और हो सकती है
भारत में 24 घंटे में कोरोना के 4,01,993 नए मामले आए हैं। इसके बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,91,64,969 हुई। शनिवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से दी गई इस जानकारी के साथ बताया गया कि 3,523 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,11,853 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 32,68,710 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,56,84,406 है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 27,44,485 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 15,49,89,635 हुआ।
इससे पहले, गुजरात के भरूच स्थित एक अस्पताल में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 18 मरीजों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि ये सारे कोरोना संक्रमण का शिकार थे। कई की मौत झुलसने से हुई, जबकि कुछ की दमघोंटू धुएं के कारण। जानकारी के मुताबिक, यह कोविड अस्पताल भरूच-जंबसुर हाईवे पर था, जो कि अहमदाबाद से करीब 190 किमी दूर बताया जा रहा है। हॉस्पिटल एक ट्रस्ट द्वारा चलाया जाता है। पुलिस के हवाले से समाचार एजेंसी ANI ने बताया था- शुरुआती जानकारी के तौर पर हमें Patel Welfare Hospital के कोरोना केयर सेंटर में देर रात साढ़े 12 बजे के आसपास 12 लोगों के मारे जाने की खबर मिली है।
वहीं, दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से 375 और मरीजों की मौत हो गई जबकि कोविड-19 के 27,047 नये मामले सामने आये। वहीं संक्रमित होने की दर 32.69 प्रतिशत रही। यह जानकारी दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग की नवीनतम बुलेटिन में दी गयी है। शुक्रवार को लगातार नौवां दिन था जब दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण से 300 से अधिक मौतें हुईं। बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 11,49,333 हो गई जिसमें से 10.33 लाख से अधिक संक्रमण मुक्त हो गए हैं।
वहीं मृतक संख्या 16,147 है। बुलेटिन के अनुसार इस अवधि के दौरान कुल 82,745 नमूनों जांच की गई। दिल्ली में उपचाराधीन मामलों की संख्या 99,361 है। इसके अनुसार दिल्ली में 20,938 बिस्तरों में से मात्र 1,199 खाली हैं। कुल 51616 मरीज घर पर पृथक-वास में ठीक हो रहे हैं। दिल्ली में निषिद्ध क्षेत्रों की संख्या बढ़कर 37,223 हो गई है।
इससे पहले, भारतीय वायु सेना ने शुक्रवार को हवाई मार्ग के जरिए सिंगापुर से आठ ऑक्सीजन टैंकर पश्चिम बंगाल के पानागढ़ वायुसेना अड्डे पर पहुंचाए। वायु सेना देश के भीतर भी कई स्थानों पर ऑक्सीजन टैंकर और ऑक्सीजन इकाई संबंधी उपकरणों की ढुलाई कर रही है। शुक्रवार को दो-दो ऑक्सीजन टैंकर चंडीगढ़ से भुवनेश्वर, आगरा से रांची, ग्वालियर से रायपुर, इंदौर से सूरत और चंडीगढ़ से रांची ले जाए गए जबकि एक टैंकर को वड़ोदरा से रांची ले जाया गया। इसी तरह, छह ऑक्सीजन टैंकर हिंडन से रांची, दो टैंकर जोधपुर से जामनगर और दो टैंकर मुंबई से भुवनेश्वर ले जाए गए।
जनसत्ता से साभार