नासिक : अस्पताल में ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित, 22 मरीजों की दर्दनाक मौत

0
0

कोरोना से ज्यादा जर्जर स्वास्थ्य ढांचे से हो रही हैं मौतें

देश भर से ऑक्सीजन की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। देश का स्वस्थ्य महकमा चरमरा गया है, लोग मर रहे हैं और नेता चुनावी रैलियों में मस्त हैं। ताजा घटना में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र के नासिक के जाकिर हुसैन अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक लीक होने से कम से कम 22 मरीजों की दर्दनाक मौत हो गई।

ऑक्सीजन लीक होने से पूरे इलाके में ऑक्सीजन गैस फैल गई। रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को आना पड़ा। ऑक्सीजन उस समय लीक हुआ जब वहां टैंकर भरे जा रहे थे।

नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में कोविड-19 के 150 मरीज भर्ती थे जिनमें से घटना के वक्त 23 वेंटिलेटर पर थे तथा बाकी ऑक्सीजन पर थे।

जिलाधिकारी सूरज मांढरे ने संवाददाताओं से कहा, “मौजूदा जानकारी के अनुसार जाकिर हुसैन निगम अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित होने से 22 लोगों की मृत्यु हो गयी। ये रोगी वेंटिलेटर और ऑक्सीजन पर थे। ऑक्सीजन आपूर्ति टैंक में रिसाव के बाद गैस की आपूर्ति बाधित हो गयी।“

मांढरे ने कहा कि अस्पताल परिसर में स्थित ऑक्सीजन भंडारण टैंक का रख-रखाव एक निजी कंपनी देखती है। नगर निगम ने तत्काल शहर में दूसरी जगहों से ऑक्सीजन सिलेंडर लाकर लगाये हैं जहां ऑक्सीजन की जरूरत अपेक्षाकृत कम थी।

स्थानीय अधिकारियों के अनुसार दोपहर करीब 12.30 बजे ऑक्सीजन रिसाव का पता चला जिसके बाद अस्पताल के अधिकारियों को जानकारी दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद अस्पताल के अधिकारियों ने निगम आयुक्त कैलाश जाधव से संपर्क कर रिसाव रोकने के लिए तकनीकी मदद मांगी।

कुछ मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।