ठेका प्रथा व सरकारी विभागों के निजीकरण का विरोध
सरकारी विभागों के निजीकरण के विरोध में नगरपालिका कर्मचारियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। नगरपालिका परिसर में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नगरपालिका कर्मचारी संघ ने चेताया कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो आगामी रूपरेखा तैयार करेंगे। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय के प्रांगण में भूख हड़ताल शुरू कर दी। भूख हड़ताल पर पांच कर्मचारी बैठे है, जिनमें विनोद कुमार, दिनेश कुमार, महेंद्र सिंह, रमन कुमार, विनोद शामिल है। कर्मचारी सरकारी विभागों के निजीकरण, ठेकाप्रथा का विरोध कर रहे हैं और समान काम-समान वेतन की मांग कर रहे है। संघ के ब्लॉक प्रधान कालाराम ने कहा कि सरकार कर्मचारी विरोधी नीतियां अपना रही है।
सरकारी विभागों को निजी हाथों में देकर कर्मचारियों को शोषण कर रही है। जिसे कर्मचारी कभी भी सहन नहीं करेगा। इसके अतिरिक्त सरकार नए क्लर्को की भर्ती किए जाने के बाद कच्चे कर्मचारियों को हटाया जा रहा है, यह सरासर गलत है। इन कर्मचारियों को न हटाया जाए और इनको पेरोल पर रखा जाए। साथ ही समान काम-समान वेतन दिया जाए। इसके अलावा सरकार ठेका प्रथा बंद करें और सरकारी विभागों को निजी हाथों में न सौपें। यदि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानती तो कर्मचारी उग्र प्रदर्शन से भी पीछे नहीं हटेंगे। इस मौके पर उपप्रधान विनोद कुमार, सचिव रणधीर सिंह, दीपक, राजेश कुमार, बलविद्र सिंह, विमला देवी, गीता देवी, दर्शन देवी, श्यामो देवी, बलवीर सिंह मौजूद रहे।