शिवाजी की 35 फुट ऊंची प्रतिमा ढही, मोदी ने किया था अनावरण

पिछले साल 4 दिसंबर को नौसेना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने 35 फुट ऊंची इस प्रतिमा का अनावरण किया था। अब 26 अगस्त को अचानक यह प्रतिमा गिर गई।
महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में एक किले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अनावरण की गई मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा सोमवार को ढह गई। इस प्रतीमा का अनावरण क़रीब आठ महीने पहले ही किया गया था। इतने कम समय में प्रतीमा ढहने पर बीजेपी और पीएम मोदी विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए हैं। उन्होंने इसके निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण-सामग्री का आरोप लगाया है।
मालवन में राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढहने की घटना सोमवार दोपहर क़रीब 1 बजे घटी। अचानक से 35 फुट ऊंची प्रतिमा गिर गई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तेज हवाओं के कारण प्रतिमा गिरने का आरोप लगाया। हालाँकि, कांग्रेस ने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा है, ‘हालात ये हैं कि भ्रष्टाचार के मामले में महापुरुषों को भी नहीं बख्शा जा रहा है।’
शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “सिंधुदुर्ग में स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति आज ढह गई। मोदी जी ने पिछले साल दिसंबर में इसका उद्घाटन किया था। ठेकेदार कौन था? क्या यह सही है कि यह काम ठाणे के ठेकेदार को दिया गया था? ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी? ठेकेदार ने ‘खोके सरकार’ को कितना ‘खोके’ दिया?” महाराष्ट्र के विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने पीटीआई से कहा, ‘छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिर गई है। यह अपमान है। क्या यह सरकार इसमें भी भ्रष्टाचार करेगी? ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।’