पंतनगर: डेढ़ साल का संघर्ष; रॉकेट इंडिया में 4 साल के लिए ग्रास में ₹13,200 का समझौता सम्पन्न

रॉकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ ने जनवरी, 2023 में दिया था मांग पत्र। समझौते के तहत बोनस और अन्य सुविधाएं भी बढ़ीं। बकाया एरियार का पूरा भुगतान होगा।
रुद्रपुर (उत्तराखंड)। डेढ़ साल के लंबे संघर्ष के बाद रॉकेट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सिड़कुल, पंतनगर (ऊधम सिंह नगर) में रॉकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ के मांग पत्र पर समझौता सम्पन्न हो गया। 27 अगस्त को सहायक श्रमायुक्त ऊधम सिंह नगर के समक्ष दोनों पक्षों द्वारा समझौता प्रपत्र दाखिल हुआ।
इस समझौते के तहत चार साल के लिए ग्रास में रुपए 13,200 की मासिक वेतन वृद्धि, बोनस और अन्य कई सुविधाओं की वृद्धि के लिए 14 अगस्त 2024 को दोनों पक्षों के मध्य सहमति बनी थी। इसी के साथ पिछले डेढ़ साल के एरियार का भुगतान भी एक मुश्त होगा।
17 माह का संघर्ष
यूनियन अध्यक्ष गोविंद सिंह ने बताया कि कंपनी में पिछले समझौते की अवधि 31 मार्च, 2023 को समाप्त होने वाली थी। नए समझौते के लिए रॉकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ ने 23 जनवरी 2023 को प्रबंधन को मांग पत्र दिया था।
तबसे कई दौर की द्विपक्षीय व एएलसी महोदय की मध्यस्थता में त्रिपक्षीय वार्ताएं हुईं, लेकिन प्रबंधन की हठधर्मिता से समझौता सम्पन्न नहीं हो सका। इस दौरान मज़दूरों का संघर्ष जारी रहा। अंततः एएलसी महोदय ने दिनांक 15/03/2024 को माँगपत्र के विवाद को औद्योगिक न्यायाधिकरण संदर्भित कर दिया।
महामंत्री धीरज जोशी ने कहा कि इस दौरान प्रबंधन की ज़्यादतियाँ लगातार बढ़ती रहीं। प्रबंधन और प्रशासन की मिलीभगत से यूनियन के 13 कार्यकारिणी सदस्यों पर 107 /116 शांति भंग की आशंका का मुकदमा दायर किया गया और चुनावी आचार संहिता के भी खौफ बनाया गया। जिसमें पुलिस, प्रशासन की खास भूमिका रही।
यूनियन ने बताया कि प्रबंधन और श्रम विभाग की मिलीभगत से मांग पत्र न्यायालय संदर्भित होने के बाद यूनियन ने 10/04/2024 को वर्ष 2024-25 के लिए नया मांग पत्र दिया। लेकिन प्रबंधन ने मांग पत्र पर वार्ता के लिए कोई रुचि नहीं दिखाई। नए मांग पत्र पर अंततः श्रम विभाग में त्रिपक्षीय वार्ता पुनः शुरू हुई।
इस दौरान मज़दूरों का शांतिपूर्ण विरोध कार्यक्रम जारी रहा। यूनियन ने 15 अगस्त के राष्ट्रीय अवकाश को मनाने की घोषणा की। ज्ञात हो कि रनिंग प्लांट होने के कारण यहाँ कभी प्लांट बंद नहीं होता। ऐसे में काफी तनाव की स्थिति बनी रही। अंततः 14 अगस्त 2024 की रात दोनों पक्षों के मध्य सहमति से समझौता संपन्न हुआ।
समझौते के मुख्य बिंदु-
- यह समझौता 1 अप्रैल, 2023 से 31 मार्च 2027 (चार वर्ष) के लिए है। बकाया एरियार का पूरा भुगतान एक मुश्त अगले माह होगा।
- ग्रास वेतन में 4 वर्ष के लिए मासिक रुपए 13,200 (सीटीसी रुपए 14,975) की बढ़ोतरी। इसमे प्रति वर्ष रुपए 3300 ग्रास के हिसाब से बढ़ोतरी होगी।
- वार्षिक बोनस रुपए 16800 से बढ़कर रुपए 23000 हुआ है।
- रात्रि पाली भत्ता 01 सितंबर 2024 से ₹25 प्रति रात्री पाली शिफ्ट ड्यूटी पर मिलेगा। 01अप्रैल 2023 से 31 अगस्त 2024 तक सभी यूनियन सदस्यों को 17 माह का 150 रुपए के हिसाब से रुपए 2550 भुगतान होगा।
- कैलेंडर वर्ष में प्रतिवर्ष गर्मी के सीजन में एक टी-शर्ट सभी यूनियन सदस्यों को मिलेगा।
- साधारण मृत्यु पर मिलने वाली राशि 10 लाख रुपए से बढ़कर 15 लाख रुपए हुई है।
- कंपनी में नौकरी के दौरान किसी श्रमिक की मृत्यु पर पारिवारिक सहायता के रूप में मृतक के दो बच्चों की कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई का खर्च प्रति वर्ष, प्रति बच्चा रुपए एक लाख परिवार को मिलेगा।
- मेडिक्लेम पॉलिसी कवरेज रुपए 2,50,000 से बढ़कर रुपए 3,50,000 हुआ है।
- कंपनी में 24 घंटे के लिए लागू एक्सीडेंट पॉलिसी, जिसके तहत सीटीसी के 100 गुना भुगतान का प्रावधान है, वह इस समझौते के तहत लिखित रूप से दर्ज हुआ है।
- EL संचय की सीमा 30 से बढ़ाकर 60 की गई है।
समझौते के तहत इसके अलावा कुछ अन्य बिंदुओं पर भी सहमति बनी है।
समझौते पर हस्ताक्षरकर्ता
इस समझौते पर रॉकेट रिद्धि सिद्धि कर्मचारी संघ की ओर से अध्यक्ष गोविंद सिंह, महामंत्री धीरज जोशी, उपाध्यक्ष डिकेश सनवाल, कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद्र, संयुक्त मंत्री सुरेंद्र कुमार, संगठन मंत्री हेमचंद्र पांडे, प्रचार मंत्री भूपेंद्र अधिकारी तथा प्रबंधन की ओर से कारखाना प्रबंधक रविंद्र रावत, एचआर हेड मानवेंद्र सिंह, ईआर प्रबंधक राजकुमार सिंह, अकाउंट हेड तरुण महेश्वरी, प्रोडक्शन मैनेजर राकेश सरकार और टेक्निकल जीएम राहुल सिंह ने हस्ताक्षर किए। जो 27 अगस्त को सहायक श्रमायुक्त अरविन्द सैनी के समक्ष दाखिल हुआ।