मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से 17 मज़दूरों की मौत, कई अन्य के फंसे होने की आशंका

0
0

जमीन से 104 मीटर ऊंचा यह पुल राजधानी आइजोल से 21 किलोमीटर दूर बैराबी को सायरांग से जोड़ने वाली कुरूंग नदी पर बन रहा था। उस वक़्त करीब 40 मज़दूर काम कर रहे थे।

मिजोरम में बुधवार को एक निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई है। घटनास्थल पर कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। राजधानी आइजोल से करीब 21 किलोमीटर दूर सुबह 10 बजे के करीब घटना हुई।

यह रेलवे पुल बैराबी को सायरांग से जोड़ने वाली कुरूंग नदी पर बन रहा था। घटना के समय करीब 40 मजदूर पुल का काम कर रहे थे। खबर लिखे जाने तक बचाव व राहत कार्य जारी है।

इस निर्माणाधीन पुल में कुल 4 पिलर हैं। जानकारी के अनुसार तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गर्डर टूटकर गिरा। सभी मजदूर इसी गर्डर पर काम कर रहे थे। जमीन से पुल की ऊंचाई 104 मीटर यानी 341 फीट है। पुल की ऊंचाई कुतुब मिनार से भी ज्यादा है।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “मलबे से अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं। कई अन्य अभी भी लापता हैं।” पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और मलबे में दबे लोगों को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मलबे में काफी लोगों के दबे होने की आशंका है।

एक रेलवे अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, “मिजोरम की दुर्घटना में अब तक 9 लोगों को बचाया जा चुका है। एनडीआरएफ, राज्य प्रशासन और रेलवे अधिकारी युद्धस्तर पर बचाव अभियान चला रहे हैं। ब्रिज के गर्डर को हटाने की प्रक्रिया को आईआईटी विशेषज्ञों निर्देशित किया जा रहा है। मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी का भी गठन किया गया है।”