रोडवेज कर्मचारियों ने जयपुर में प्रदेश स्तरीय रैली को सफल बनाने के लिए तैयारी तेज कर दी है। इस रैली में 24 नवंबर की हड़ताल की रणनीति बनाई जाएगी।
जयपुर। राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों के विरोधी स्वर अब तेज हो रहे है। कर्मचारियों की ओर से 17 नवंबर को जयपुर में प्रदेश स्तरीय रैली निकाली जाएगी। वहीं, 24 नवंबर को प्रदेशव्यापी हड़ताल का एलान किया गया है। ऐसे में यदि हड़ताल होती है तो आमजन को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। बता दें कि कर्मचारी संगठन मांगों को लेकर लगातार रोडवेज प्रबंधन को ज्ञापन भी दे रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके कारण अब यह तय माना जा रहा है कि कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे। दरअसल, कर्मचारियों का रोडवेज प्रशासन पर आरोप है कि वे कर्मचारी विरोध रूख अपनाए हुए हैं।
बताया जा रहा है कि रोडवेज कर्मचारियों ने प्रदेश स्तरीय रैली के लिए जयपुर पुलिस से अनुमति मांगी हैं। हालांकि अभी तक अनुमति नहीं मिली हैं। इधर, बताया जा रहा है कि रोडवेजकर्मियों ने इस रैली को सफल बनाने के लिए 17 नवंबर को कर्मचारियों को सिंधीकैंप बस स्टैंड बुलाया है। इस रैली में 24 नवंबर को हड़ताल की रणनीति बनाई जाएगी।
आंदोलन में रोडवेज ने कर्मचारियों के साथ ही रिटायर्ड कर्मचारियों को भी ज्यादा से ज्यादा शामिल करने की योजना बनाई है। साथ ही जिलों में रैली का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। जगह—जगह पर पोस्टर और बैनर लगाकर रोडवेजकर्मियों के साथ ही आमजन को भी यह बताया जा रहा है कि किन कारणों से कर्मचारियों को हड़ताल पर जाना पड़ रहा है।
‘कर्मचारियों के साथ ही रिटायर्ड कर्मचारी लगातार प्रशासन से अपनी मांगों को लेकर वार्ता कर रहे हैं। कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। कर्मचारी विरोधी नीतियों के कारण सभी में रोष हैं। ऐसे में 17 नवंबर को प्रदेश स्तरीय रैली होगी, जिसमें आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।’
पत्रिका से साभार