लालकुआँ सेचुरी पेपर मिल में काम के दौरान ठेका श्रमिक के ऊपर गिरा केमिकल, हालत गंभीर

0
0

बताया जा रहा है कि सेफ्टी उपकरण ना होने के कारण हादसा हुआ। बुरी तरह घायल मज़दूर का राममूर्ति अस्पताल, बरेली में इलाज चल रहा है, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

लालकुआँ (नैनीताल)। सेचुरी पल्प एण्ड पेपर मिल के बॉयलर में काम के दौरान केमिकल गिरने से एक ठेका मज़दूर बुरी तरह घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में बरेली के राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के लालकुआं स्थित सेंचुरी पल्प एण्ड पेपर मिल में कार्यरत ठेका मज़दूर मनीष कुमार पुत्र कुंदन राम निवासी खैरानी हाटाग्राम बिन्दुखत्ता कार्य पर मौजूद था। इसी दौरान उसके ऊपर केमिकल गिरने से बुरी तरह झुलस गया।

बताया जा रहा है कि सेफ्टी उपकरण ना होने के कारण यह हादसा हुआ है। इस घटना से सहकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। घायल मज़दूर मनीष को बरेली के भोजीपुरा स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। स्थिति नाजुक बनी हुई है।