पर्यावरण दिवस पर विविध आयोजन: जयपुर में गोष्ठी-प्रदर्शनी; दिल्ली में डाक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन

जयपुर में “पर्यावरण संकट क्या? कौन जिम्मेदार? कौन सह रहा इसकी मार?” पर चर्चा, प्रदर्शनी, खेल, पौधारोपण हुआ वहीं दिल्ली में फिल्म “अभी नहीं तो कभी नहीं” दिखाया गया।

पर्यावरण दिवस के अवसर पर देश में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। इसी क्रम में जयपुर के इंद्रा नगर कच्ची बस्ती में विचार गोष्ठी, पोस्टर प्रदर्शनी, गीत, बच्चो के साथ खेल और पौधारोपण का कार्यक्रम किया गया। वहीं दिल्ली के गांधी शांति प्रतिष्ठान, में डाक्यूमेंट्री फिल्म “अभी नहीं तो कभी नहीं” का प्रदर्शन हुआ।

जयपुर में विचार गोष्ठी व बच्चों के विविध कार्यक्रम के साथ पौधरोपन

जयपुर (राजस्थान)। क्रांतिकारी नौजवान सभा द्वारा 4 जून को “पर्यावरण संकट क्या? कौन जिम्मेदार?और कौन सह रहा इसकी मार?” विषय पर विचार गोष्टी का आयोजन किया गया। विचार गोष्ठी का संचालन साथी जोहाना ने किया।

विचार गोष्ठी में वक्ता के रुप में प्रकृति मानव केंद्रित जन आंदोलन (NHCPM) से घनश्याम जी डेमोक्रेट ने पर्यावरण संकट क्या और इस संकट के लिए ज़िम्मेदार पूंजीपति वर्ग व कॉरपोरेट की भूमिका को विस्तार से समझाया।

मानव अधिकार कार्यकर्ता नवीन नारायण जी पर्यावरण संकट की सबसे ज्यादा मार झेल रही मेहनतकश जनता पर उसके भयानक प्रभाव को समझाया।

क्रांतिकारी नौजवान सभा के नरेंद्र सालवी ने पर्यावरण मेहनतकश जनता के साथ कैसे जुड़ा हुआ हैं को समझाते हुए इसके खिलाफ एकताबद्ध तरीके से क्रांतिकारी लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

सर्वहारा एकता मंच के प्यारे लाल जी ने पर्यावरण संकट का पूंजीवादी विकास के साथ नाता स्पष्ट किया और कहा कि व्यवस्था परिर्वतन के बिना पर्यावरण संकट को हल नहीं किया जा सकता।

अंत में बस्ती वासियों ने कुछ सवाल भी रखे और उन पर भी चर्चा हुई। विचार गोष्ठी में बस्ती के सफ़ाई कर्मचारी, नौजवान,महिला और बच्चे शामिल रहे।

5 जून की शाम को बस्ती के पास काली कमली बाग में पौधारोपण का कार्यक्रम अयोजित हुआ। पहले बच्चो और नौजवानो को बहुत ही रोचक खेल खिलाया गया, फिर पर्यावरण दिवस का महत्त्व और पर्यावरण संकट क्या है पर बच्चों से सवाल जवाब के रुप आसन तरीके से चर्चा हुई, नौजवान साथियों द्वारा गीत प्रस्तुत किया गया और अंत में सभी ने मिलकर पार्क में पौधा लगाया।

दिल्ली: डाक्यूमेंट्री फिल्म “अभी नहीं तो कभी नहीं” का प्रदर्शन

दिल्ली। विश्व पर्यावरण दिवस 5, जून को दिल्ली के गांधी शांति प्रतिष्ठान, में डाक्यूमेंट्री फिल्म “अभी नहीं तो कभी नहीं” का सफलतापूर्वक प्रदर्शन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दिल्ली के गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी वर्ग, सामाजिक संगठनों के लोग एवं पत्रकार-साहित्यकार साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रारंभ फिल्म की विशेषज्ञ किरदार बासंती रामन के संदेश से तथा निशांत नाट्य के शमसुल इस्लाम एवं साथियों के क्रांतिकारी गीतो के साथ हुआ। तत्पश्चात पर्यावरण संकट की भयावहता को उजागर करते हुए और एकताबद्ध होकर लड़ने की जरूरत पर जोर देते हुए, कॉमरेड प्रवीण नाटकर द्वारा निर्मित फिल्म “अभी नहीं तो कभी नहीं” का प्रदर्शन संपन्न हुआ।

तत्पश्चात फिल्म पर आधारित गंभीर चर्चा में प्रवीण नाडकर, पर्यावरणविद ज्ञानेंद्र रावत, कलाविद अरविंद ओझा, मानवाधिकार कार्यकर्ता दीपांकर बुजान, संस्कृतिकर्मी राजेन्द्र प्रसाद सिंह एवं हर्ष ने हिस्सा लिया।

About Post Author