बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कपड़ों के बड़े बाजार में भीषण आग; कम से कम आठ लोग घायल

बंगबाजार बांग्लादेश के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। इससे पहले 1995 में बंगबाजार में आग लगी थी और यह राख में तब्दील हो गया था। इसे फिर से बनाया गया था।

बांग्लादेश की राजधानी ढाका में कपड़ों के बड़े बाजार बंगबाजार में मंगलवार तड़के आग लग गई जिसमें दो दमकल कर्मियों समेत कम से कम आठ लोग घायल हो गए।

मौके पर मौजूद कारोबारियों ने बताया कि बंगबाजार के कम से कम छह बाजारों में आग लग गई।

अग्निशमन सेवा और नागरिक रक्षा की मीडिया शाखा के प्रभारी शाहजहां शिकदर ने बताया कि बंगबाजार में सुबह छह बजकर करीब 10 मिनट पर आग लगी थी जिसपर छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12 बजकर 36 मिनट पर काबू किया जा सका।

तेज हवाओं के कारण आग को आसपास की इमारतों में फैलते देखा गया। आग की लपटें अब भी विभिन्न स्थानों पर देखी जा सकती हैं। बांग्लादेश की वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने आग को बुझाने के लिए बाजार पर पानी का छिड़काव किया।

ढाका ट्रिब्यून अखबार की खबर के अनुसार, भीषण आग को बुझाने के दौरान अग्निशमन और नागरिक रक्षा के दो सदस्यों समेत कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने की खबर सुनकर दुकानों के मालिक और कर्मचारी मौके पर पहुंच गये। उन्हें अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाते देखा गया।

इस महीने आने वाले ईद के त्योहार के मद्देनजर कपड़ों की दुकानों में नया माल भरा हुआ था। रमजान के दौरान कपड़ों की दुकानों के कई कर्मचारी अपनी दुकानों में ही रात बिताते हैं। खबरों में कहा गया है कि व्यापारी और उनके कर्मचारी आग से माल को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे थे।

बंगबाजार बांग्लादेश के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। इसमें टिन और लकड़ी से बने सैकड़ों गोदाम हैं। यहाँ करीब 2,900 दुकानें हैं और करीब 150,000 लोग काम करते हैं। ढाका साउथ सिटी कारपोरेशन के पास इस बाजार का स्वामित्व है और यह चार भागों, बंगबाजार कॉप्लेक्स, गुलिस्तान इकाई, मोहननगर इकाई और अदरशा इकाई में विभक्त है।

दमकल सेवा और नागरिक रक्षा के उप अधिकारी रफी-अल-फारुक ने बताया कि दमकल सेवा की 48 इकाइयां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। आग के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।

इससे पहले 1995 में बंगबाजार में आग लगी थी और यह राख में तब्दील हो गया था। इसे फिर से बनाया गया था।

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेश पश्चिमी देशों का एक बड़ा निर्यातक देश है। पिछले एक दशक में यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा वस्त्र निर्यातक बन गया है। मुनाफे की आंधी हवस में सस्ता श्रम, असुरक्षित परिस्थितियों में काम, नियमों की अनदेखी और लापरवाही के कारण बांग्लादेश में दुर्घटनाएं लगातार घटित होती हैं और भारी पैमाने पर मज़दूर अकाल मौत के शिकार बनते हैं।

समाचार एजेंसी के इनपुट के साथ

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे