बुलंदशहर: केमिकल फैक्ट्री में ब्लास्ट, चार मजदूरों की मौत, कई घायल; लाश के चिथड़े दूर तक बिखरे

धमाके की आवाज और उठता गुबार कई किलोमीटर तक देखा गया। मकान मलबे में तब्दील हो गया। शव के कई टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे हुए थे। और शवों के दबे होने की आशंका है।

बुलंदशहर (उत्तरप्रदेश)। बुलंदशहर के औद्योगिक क्षेत्र की एक केमिकल फैक्ट्री में शुक्रवार की दोपहर जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मृतकों की संख्या और ज्यादा हो सकती है।

धमाके की आवाज और उठता गुबार कई किलोमीटर तक देखा गया। आसपास के मकानों की खिड़की और दरवाजे तक टूट गए। मृतकों के शरीर के चिथड़े उड़ गए। शव के कई टुकड़े दूर-दूर तक बिखरे पड़े हुए थे। शवों को पहचानने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।

हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र में काली नदी के पास एक फार्म हाउस के पीछे एक मकान में हुआ। जिस मकान में धमाका हुआ वह मलबे में तब्दील हो गया। इसमें और शवों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है।

घटनास्थल पर मिले अमेजन के रैपर पर लिखे जीएसटी नम्बर से फैक्ट्री के मालिक की पहचान हुई है। ब्लास्ट के बाद केमिकल डीलर राजकुमार फरार है। पुलिस ने राजकुमार के भाई प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया है। राजकुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।

डीएम ने ब्लास्ट की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। एसआईटी टीम में सिटी मजिस्ट्रेट, एडीएम और सीएफओ शामिल रहेंगे।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर के नया गांव में एक खेत पर मकान बना था, जिसमें सिलेंडर धमाका होने की सूचना मिली थी। यहां से कुछ सिलेंडर बरामद हुए हैं। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। रेस्क्यू किया जा रहा है। डायल-112 पर सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी।

About Post Author