नेस्ले कर्मचारी संगठन ने मनाया 11वां स्थापना दिवस; एकताबद्ध संघर्ष मजबूत करने का संकल्प

वक्ताओं ने कहा कि आज मज़दूरों की पीठ पर प्लांट स्तर पर श्रमिक समस्या और देश स्तर पर मज़दूर विरोधी नीतियों के दो पहाड़ लदे हैं, जिन्हें मज़दूरों की एकजुट संघर्ष से उतार फेंकना है।
पंतनगर (उत्तराखंड)। नेस्ले कर्मचारी संगठन पंतनगर ने आज 11 मार्च को कंपनी गेट स्थित यूनियन ध्वज स्थल पर ध्वजारोहण के साथ यूनियन का 11वा स्थापना दिवस मनाया जिसमें समस्त श्रमिकों में बहुत ही उत्साह दिखा और सभी साथियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
सभा में श्रमिकों ने कंपनी की दोनों यूनियनों की एकता को मजबूत बनाए रखने के संकल्प के साथ कहा कि हम अपनी एकता को किसी भी कीमत पर तोड़ने नहीं देंगे चाहे प्रबंधन कितना भी जोर लगा ले।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज मज़दूरों की पीठ पर दो पहाड़ के बोझ लदे हैं, एक प्लांट स्तर पर प्रबंधन की हठधर्मिता से श्रमिक समस्याओं के निस्तारण की जगह बेवजह विवाद बढ़ाने का और दूसरे देश स्तर पर मज़दूर विरोधी नीतियों और मालिकों के हित में चार लेबर कोड का। मज़दूरों को अपनी एकताबद्ध संघर्ष से इन दोनों पहाड़ों को उतार फेंकना है।
आज की सभा में मुख्य अतिथि मजदूर सहयोग केंद्र के अध्यक्ष मुकुल व विशिष्ठ अतिथि नेस्ले मजदूर संघ के अध्यक्ष मुकेश चंद्र पांडे रहे। साथ में नेस्ले कर्मचारी संगठन अरविंद, सोहनलाल और ऋषिपाल राघव ने सभा को संबोधित किया।
सभा की अध्यक्षता यूनियन अध्यक्ष धनवीर सिंह व संचालन महामंत्री चंद्रमोहन लखेड़ा ने किया। सभा समाप्ति पर मिष्ठान वितरण कर सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। साथ ही एकता व संघर्ष को मजबूती देने पर जोर दिया गया।