हरिद्वार: 6 साल से कार्यबहाली के लिए संघर्षरत सत्यम ऑटो मज़दूरों का श्रम भवन पर धरना

एक दिवसीय धरना के दौरान उपश्रमायुक्त के माध्यम से जिलाधिकारी हरिद्वार को अपनी मांगो का ज्ञापन दिया। कहा कि मजदूर पिछले 6वर्ष से संघर्ष कर रहे हैं, परन्तु अभी भी न्याय नहीं मिला।

हरिद्वार (उत्तराखंड)। सत्यम ऑटो कंपोनेन्ट हरिद्वार के निष्कासित श्रमिको ने आज 21 फरवरी को उपश्रमायुक्त रोशनबाद हरिद्वर में एक दिवसीय धरना दिया और उपश्रमायुक्त के माध्यम से जिलाधिकारी हरिद्वार को अपनी मांगो का ज्ञापन दिया।

ज्ञात हो कि हीरो की वेंडर सत्यम ऑटो के मज़दूरों ने प्रबंधन को नए वेतन समझौते के लिए 29 जुलाई 2015 को माँगपत्र दिया था। प्रबंधन की हठधर्मिता से विवाद औद्योगिक न्यायाधिकरण हल्द्वानी संदर्भित हो गया। इस बीच प्रबंधन ने गोपनीय तरीके से कुछ मज़दूरों से कथित समझौता कर लिया। जिसपर मज़दूरों ने श्रम अधिकारियों को अपनी लिखित आपत्ति दी। तो नाराज प्रबंधन ने 17 अप्रैल 2017 को विरोध करने वाले 300 मजदूरों की जबरन गेट बंदी कर दी थी। तब से मज़दूरों का संघर्ष लगातार जारी है।

आज प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में निष्कासित श्रमिक महिपाल सिंह ने कहा कि हमारी स्थिती बहुत दयनीय हो चुकी है। श्रम विभाग हमारी सुनवाई नहीं कर रहा है।

बीएमटीयू के उपाध्यक्ष निशु कुमार ने कहा की सत्यम के मजदूर पिछले 6वर्ष से संघर्ष कर रहे हैं, परन्तु उन्हे अभी भी न्याय नहीं मिला। हम सभी श्रमिको को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।

प्रगतिशील महिला एकता केंद्र से दीपा ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार श्रमिको के अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। यही करण है कि अबतक सत्यम के मजदूरों न्याय नहीं मिला पा रहा है।

राजा बिस्कुट के ब्रजेश कुमार ने कहा की हम सत्यम के मजदूरों के साथ कंधे से कंधे मिलाकर साथ खड़े रहेंगे।

अरुण सैनी जिला अध्यक्ष किसान मजदूर संगठन सोसायटी ने कहा कि कैसे श्रम विभाग फैक्ट्री मालिकों से अपनी दोस्ती निभा रहा है। होली और दीपावली पर फैक्ट्री मालिकों से उपहार लेता है और सिडकुल के मजदूरों को परेशान करता है। जब कोई सिडकुल का श्रमिक अपनी समस्या को लेकर उप श्रम आयुक्त कार्यालय जाता है तो उसे डरा धमका कर वहां से भगा दिया जाता है या तो उसकी बातों कोई सुनता ही नहीं है। और इसके विपरीत जब कोई कंपनी प्रबंधन या मालिक उप श्रम आयुक्त कार्यालय पहुंचता है उसे इज्जत से ऑफिस में बिठाकर चाय पिलाई जाती है और उसकी आवभगत की जाती है।

सभा मे रविन्दर, निशु, सत्यावीर, दीपा, बृजेश, सूरज, अशोक, दिलीप, राजेंद्र, अनिल, सूरज, दिनेश, अलोक, अनुज, हरीश, मुकेश, सुनील, बलवंत, संजीव आदि उपस्तिथ रहे।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे