उत्तराखंड: भर्ती घोटाले के खिलाफ आंदोलित छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज, विरोध में प्रदेश बन्द का आह्वान

उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे बेरोजगारों और छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को प्रदेश बंद का आह्वान किया है।

देहरादून: उत्तराखंड में विद्याथियों का गुस्सा भड़क गया है। सड़कों पर उतर कर छात्र और युवा प्रदेश में भतियों में होने वाली धांधली के मामलों का विरोध कर रहे हैं। गांधी पार्क के पास आंदोलनकारी छात्रों का गुस्सा भड़का। वे सड़क पर उतर आए। यातायात को बाधित कर दिया। इस पर पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। छात्रों ने पुलिसबल पर पथराव भी किया। इससे पहले घंटाघर से राजापुर और एस्लेहॉल से घंटाघर की तरफ का ट्रैफिक जाम कर दिया था। प्रशासन को यातायात सुचारू कराने के लिए प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस प्रशासन ने गांधी पार्क के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनाती की। छात्रों को समझाने का प्रयास किया गया। छात्र अपना प्रदर्शन रोकने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारी युवाओं के बीच झड़प हुई है।

उत्तरखंड में लेखपाल, जूनियर इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर, लोक सेवा आयोग की तमाम भर्तियों में धांधली का मामला सामने आया है। छात्रों की मांग है कि तमाम भर्तियों में धांधली की जांच सीबीआई से कराई जाए। साथ ही, तत्काल नकल विरोधी कानून बनाने और लेखापाल भर्ती में शामिल नकलचियों की सूची को सार्वजनिक करने की मांग की जा रही है। लेखपाल भर्ती की दोबारा परीक्षा कराए जाने की भी मांग की है। इन मांगों को लेकर बुधवार से छात्रों का प्रदर्शन चल रहा है। देर रात पुलिस ने छात्रों को जबरन उठा दिया था। इसके बाद गुरुवार को प्रदर्शन गहरा गया। प्रदेश के विभिन्न इलाकों में छात्रों का गुस्सा सामने आया है।

देहरादून में छात्रों के प्रदर्शन के कारण जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। राजापुर रोड पर जाम लगने के बाद ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया। इस कारण शहर के सभी प्रमुख सड़कों पर जाम देखा जा रहा है। स्कूल बंद होने के समय भी इसी प्रकार की स्थिति देखी गई। ट्रैफिक पुलिस मामले को संभालने में जुटी हुई है।

गांधी पार्क से प्रदर्शनकारी छात्रों को उठाए जाने के बाद छात्रों के आक्रोश की आग उत्तरकाशी तक पहुंच गई है। उत्तरकाशी में छात्रों ने प्रदर्शन किया। प्रभारी मंत्री से मुलाकात की मांग को लेकर छात्रों का जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस और प्रशासन ने छात्रों को रोका। प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस मामले में कहा कि हमें छात्रों को जबरन उठाए जाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

नवभारत टाइम्स से साभार

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे