छँटनी का दौर: वीडियो कॉल सेवा प्रदाता कंपनी Zoom ने 1300 कर्मचारियों को निकाला

डेल, गूगल, ट्विटर, फ़ेसबुक, अमेजन व तमाम टेक कंपनियां लगातार भारी पैमाने पर कर्मचारियों को निकाल रही हैं। भारत सहित वैश्विक स्तर पर जारी छँटनी के क्रम में अब ज़ूम भी उतार गया।
भारत सहित पूरी दुनिया में छँटनी का दौर तेजी से चल रहा है। अब खबर है कि लॉकडाउन के समय अत्यधिक लाभ कमाने वाली अमेरिकी वीडियो कॉल सेवा प्रदाता टेक कंपनी ज़ूम (Zoom) ने एक झटके में 1300 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है।
कंपनी के सीईओ एरिक युआन (Eric Yuan) ने कंपनी की वेबसाइट पर एक ब्लॉग पोस्ट में छंटनी का ऐलान करते हुए लिखा, “अगर आप यूएस-आधारित कर्मचारी हैं, जो छंटनी से प्रभावित हुए हैं, तो आपको अपने ज़ूम और व्यक्तिगत इनबॉक्स में इससे संबंधित एक ईमेल प्राप्त हो जाएगा।”
वीडियो कॉल सेवा प्रदाता टेक कंपनी है Zoom
वैश्विक आर्थिक मंदी के बीच अमेरिकी वीडियो कॉल सेवा प्रदाता टेक कंपनी Zoom ने एक झटके में 1300 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। यह कंपनी के कुल कार्यबल का 15 फीसदी है।
एरिक युआन ने छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को मेहनती और कठिन परिश्रमी बताया है और कहा है कि प्रभावित कर्मचारियों को 16 सप्ताहका वेतन, स्वास्थ्य सुविधा और साल 2023 का वार्षिक बोनस भी दिया जाएगा। एरिक युआन ने लिखा है कि अमेरिका से बाहर के कर्मियों को भी वहां के नियमों के मुताबिक सहायता की जाएगी।
ज़ूम की छंटनी के ऐलान का असर बाजार में भी दिखा। मंगलवार को नैस्डेक पर जूम के शेयरों में 8 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
ज्ञात हो कि कोविड-19 के दौरान कई टेक कंपनियों को अप्रत्याशित ग्रोथ मिली थी। जब पूरी दुनिया के लोग घरों में कैद थे, तब ज़ूम जैसी वीडियो कॉलिंग कंपनियों की सेवा लोगों ने कई कार्यों के लिए ली थी।
तब जूम का बिजनेस चरम पर था लेकिन कोविड के बाद जब आर्थिक मंदी ने दस्तक दी तो कई अमेरिकी आईटी कंपनियों ने बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की है। सिर्फ जनवरी में कई आईटी कंपनियों ने करीब 50 हजार कर्मचारियों को नौकरी से बाहर निकाला है।
बड़ी अमेरिकी कंपनी डेल ने भी सोमवार को 6600 कर्मियों को नौकरी से निकालने का ऐलान किया है। गूगल, ट्विटर, फ़ेसबुक से लेकर अमेजन व तमाम टेक कंपनियां तक लगातार कर्मचारियों को भारी पैमाने पर निकाल रही हैं।