मानेसर: हिताची ठेका मज़दूरों ने निकाली जोरदार रैली, कार्यबहाली की माँग हुई बुलंद

प्रोटेरिअल (हिताची) ठेका मज़दूरों की रैली में मारुति सहित गुड़गांव स्थित विभिन्न कंपनियों से निकाले गए मज़दूरों व विभिन्न मज़दूर संगठनों ने भी हिस्सा लिया।

आईएमटी मानेसर में स्थित प्रोटेरिअल (हिताची) इंडिया लिमिडेट कंपनी के ठेका मज़दूरों ने निकाले गए अपने साथियों की कार्यबहाली की मांग को लेकर मज़दूर रैली निकालकर प्रदर्शन किया है।

प्रोटेरिअल (हिताची) ठेका मज़दूर यूनियन ने 3 फ़रवरी को मानेसर में मारुती गेट नंबर-4 से ताऊ देवीलाल पार्क तक मार्च कर अपनी मांगों का ज्ञापन जिला उपायुक्त को सौंपा।

दरअसल, कंपनी बीते 7 महीने में लगभग 25 ठेका मज़दूरों को बिना किसी ठोस कारण के काम से निकाल चुकी है। ठेका मज़दूर यूनियन की मांग है कि सभी मज़दूरों को तत्काल कार्यबहाल किया जाना चाहिए।

यूनियन द्वारा जारी विज्ञप्ति से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी में पिछले 5 -6 सालों से काम कर रहे मज़दूरों को स्थाई रोज़गार नहीं दिया जा रहा है।

प्रोटेरिअल (हिताची) ठेका मज़दूर यूनियन के एक सदस्य ने वर्कर्स यूनिटी को बताया कि सभी ठेका मज़दूर बीते दो सालों से लगातार स्थाई काम पर स्थाई रोज़गार और समान काम पर समान वेतन की मांग कर रहे हैं। इसे लेकर मज़दूरों ने पहले भी कई बार प्रदर्शन और भूख हड़ताल की हैं और पानी मांगों का ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा है।

ठेका मज़दूरों का आरोप है कि प्रबंधन मज़दूरों के प्रति तानाशाही का रवैया अपनाता रहा है। लगातार प्रदर्शनों के बाद भी प्रबंधन मज़दूरों की मांगों को मानने को राज़ी नहीं है।

प्रोटेरिअल (हिताची) ठेका मज़दूरों का कहना है कि प्रबंधन मज़दूरों को अति आवश्यक परिस्थियों में भी छुट्टी नहीं देता है। यदि कोई मज़दूर छुट्टी पर चल भी जाता है तो उसका गेट बंद कर दिया जाता है। इसके अलावा प्रबंधन मज़दूरों को धमकियां दे रहा हैं कि यदि कोई भी मज़दूर किसी भी धरने प्रदर्शन में भाग लेता हैं तो उसका भी गेट बंद कर दिया जायेगा।

शुक्रवार को आयोजित प्रोटेरिअल (हिताची) ठेका मज़दूर यूनियन की रैली में गुड़गांव में स्थित अन्य कंपनियों से निकाले गए मज़दूरों ने हिस्सा लिया। जिसमें मारुती के बर्खास्त मज़दूर, सनबीन के बर्खास्त मज़दूर, बेलसोनिका मज़दूर यूनियन, मारुती यूनियन, मारुती सुजुकी बाइक यूनियन, इंकलाबी मज़दूर केंद्र, श्रमिक संग्राम कमेटी, मज़दूर सहयोग केंद्र और क्रांतिकारी नौजवान सभा के सदस्यों ने भी हिस्सा लिया।

वर्कर्स यूनिटी से साभार

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे