टाटा मोटर्स पंतनगर में ₹14000 फिक्स के अलावा वेरीयेबल राशि का 4 वर्षीय समझौता सम्पन्न

एक साल के संघर्ष के बाद हुआ समझौता 1 अप्रैल, 2022 से लागू होगा। प्रत्यक्ष बढ़ोत्तरी के अलावा उत्पादकता आधारित वेरीयेबल में न्यूनतम कैप बढ़ा है, साथ ही कुछ सुविधाएं बढ़ी हैं।
पंतनगर (उत्तराखंड)। टाटा मोटर्स पंतनगर में एक वर्ष से लंबित माँगपत्र पर प्रबंधन व यूनियन प्रतिनिधियों के बीच 4 साल के लिए रुपए 14000 मासिक फिक्स राशि के साथ उत्पादकता आधारित एक वेरीयेबल राशि व अन्य सुविधाओं का समझौता सम्पन्न हो गया।
उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स लिमिटेड श्रमिक संघ पंतनगर उधमसिंहनगर द्वारा दिनांक 27.01.2022 प्रबंधन को माँग पत्र दिया गया था। ठीक एक साल बाद आज 27.01.2023 को दोनों पक्षों ने श्रम भवन रुद्रपुर में सहायक श्रमआयुक्त प्रशांत कुमार के समक्ष समझौते को अंजाम दिया।
कई दौर की वार्ताओं और संघर्ष के बाद समझौता
बीते एक साल के दौरान यूनियन और प्रबंधन के बीच वार्ता का दौर चला, इस दौरान कई उतार चढ़ाव आये। वार्ता पूर्ण रूप से सफल न होने पर यूनियन के आह्वान पर श्रमिकों ने बीते 23 जनवरी से 2 दिन कैंटीन में भोजन नही किया। तब मामले का संज्ञान श्रम विभाग ने लिया। आनन-फानन में एएलसी ने उसी दिन वार्ता बुलाकर दोनों पक्षो से सहमति बनाने के लिए कहा।
उसी बीच कॉरपोरेट से टाटा मोटर्स के ऑपरेशनल हेड विशाल बादशाह पंतनगर प्लांट पहुँचे और यूनियन से चर्चा करने के उपरांत 24 जनवरी को यूनियन मांग पत्र के बिंदुओं पर सहमति कायम की। उसी आधार पर दोनों पक्षों ने समझौते का ज्ञापन तैयार किया और श्रम विभाग में आज दाखिल किया।
इस समझौते का लाभ केवल स्थाई श्रमिकों को मिलेगा।
———————————————————-
वर्तमान समझौते के मुख्य बिन्दु-
यूनियन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार समझौते के मुख्य बिन्दु निम्नवत हैं-
- समझौता 4 साल (1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2026) के लिए हुआ है। बकाया एरियार का भुगतान होगा।
वेतन वृद्धि-
- वेतन बढ़ोत्तरी फिक्स में 14 हजार रुपए मासिक (13800+200 वर्दी मेंटेनेंस) की हुई है;
- वेरीयेबल में न्यूनतम कैप बढ़ाकर 7400 रुपया हुआ है;
- वेतन वृद्धि का 68% प्रथम साल, 16% दूसरे, 11% तीसरे व 5% चौथे साल मिलेगा।
अवकाश वृद्धि-
- पीएल में वार्षिक 4 छुटियो की बढ़ोतरी हुई;
- सैंडविच लीव (2 सीएल/पीएल के बीच संडे अवकाश) की सुविधा लागू हुआ।
अन्य सुविधायों में वृद्धि-
- इंश्योरेंस की आधी क़िस्त प्रबंधन द्वारा देय होगा (GPA GTL 50-50%);
- मेडिकल सुविधाओं में डबल बढ़ोतरी हुई (2 लाख आईपीडी, 15 हजार ओपीडी);
- कर्मचारी की मृत्यु पर परिवार को मिलने वाली सहायता राशि मे 2 लाख की बढ़ोतरी (6 लाख से 8 लाख);
- होम लोन में 1 लाख की बढ़ोतरी (5 लाख), बाइक/कार लोन बढ़ोतरी की गई;
- एजुकेशन लोन की बढ़ोतरी की गई (25 हजार, 4% व्याज, 12 महीने ईएमआई);
- संडे वर्किंग पर मिलने वाली राशि को 100 रुपया बढ़ाकर 400 रुपए किया गया है।
सौहार्दपूर्ण समझौता सम्पन्न होने पर यूनियन द्वारा सभी श्रमिकों का धन्यवाद किया गया। यूनियन अध्यक्ष नवीन जोशी ने बताया कि पूरे प्लांट में श्रमिकों में अच्छा उत्साह का माहौल है। कल से यूनियन शॉप फ्लोर में जाकर अपने सदस्यों को समझौते को विस्तृत रूप से बतायेगी।