पुरानी पेंशन बहाली के लिए सीएम और पीएम को भेजा संदेश

कबूतरों पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों का संदेश लिखा और उसे हवा में उड़ाकर शांतिपूर्ण मांग प्रदेश और देश के मुखिया तक भेजी।

पुरानी पेंशन और कर्मचारियों के स्थाईकरण की मांग के साथ अलीगढ़ में कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। उप्र पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ के तत्वावधान में कर्मचारी इकट्‌ठे हुए और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट में भी कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगे प्रशासन के सामने मांगे रखी। जिसके बाद उन्होंने एसीएम के माध्यम से प्रशासन को अपना ज्ञापन सौंपा। जिसके बाद कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और जल्द से जल्द लाभ दिलाया जाएगा।

कर्मचारियों का कहना था कि विभिन्न विभागों में लोग 14-14 साल से काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार अभी भी उनकी पदोन्नति नहीं कर रही है। देश में एक ही संविधान लागू है, लेकिन कर्मचारियों के साथ सरकार दोहरी नीति वाला बर्ताव कर रही है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो कर्मचारी आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे।

उन्होंने मांग रखी कि सरकार कर्मचारियों की पुरानी पेंशन को बहाल करे। दूसरे कई राज्यों में सरकार पुरानी पेंशन योजना लागू कर चुकी हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश में सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है। जबकि विधायक और सांसद एक बार जीतने के बाद जीवनभर पेंशन के हकदार हो जाते हैं और 30-35 साल सेवाएं देने वाले कर्मचारी को इससे वंचित रखा जा रहा है।

प्रशासन को लिखित ज्ञापन देने के साथ ही कर्मचारियों ने कबूतर उड़ाकर सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी को संदेश भेजा। कबूतरों पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों का संदेश लिया और उसे हवा में उड़ाकर शांतिपूर्ण मांग प्रदेश और देश के मुखिया तक भेजी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्रित हुए। इस दौरान उप्र पंचायती राज ग्रामीण सफाई संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश मल्होत्रा, जिलामंत्री राजेश पथिक, कोषाध्यक्ष रवि कुमार बघेल, संरक्षक उदयराज सिंह, कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ नरेश शर्मा, संजीव कुमार, नरेश जाटव, विनोद शीतल, सतेंद्र जंवार, विक्रम सिंह, जगवीर चौधरी समेत बड़ी संख्या में पुरुष और महिला कर्मचारी मौजूद रहे।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे