पंतनगर: ब्रिटानिया में 3 साल के लिए ₹4600 का समझौता, कई सुविधाएं भी बढ़ीं

ब्रिटानिया में आगजनी की घटना के बाद से समझौता वार्ता में गतिरोध आ गया था। प्रबंधन बड़ी क्षति का रोना रोता रहा, इसके बावजूद दोनों यूनियनों के साथ यह समझौता संपन्न हुआ।

रुद्रपुर (उत्तराखंड)। बिस्किट निर्माता ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड, सिड़कुल, पंतनगर में प्रबंधन और यूनियनों के बीच 29 दिसंबर 2022 को स्थाई श्रमिकों के लिए 4600 रुपए का 3 साल समझौता सम्पन्न हो गया है। इस राशि के साथ साल में एक बार अक्टूबर में महँगाई भत्ता (वीडीए) में भी बढ़ोतरी होगी। कुछ अन्य सुविधाएं भी बढ़ी हैं।

ज्ञात हो कि ब्रिटानिया पंतनगर प्लांट में बीते अगस्त माह में भयानक आग लग गई थी, जिसके बाद से यूनियनों के मांग पत्र पर समझौता वार्ता गतिरुद्ध हो गई थी। प्रबंधन बड़ी क्षति का रोना रोता रहा, इसके बावजूद कंपनी की दोनों यूनियनों- ब्रिटानिया श्रमिक संघ और ब्रिटानिया कर्मकार यूनियन के साथ सहायक श्रम आयुक्त उधम सिंह नगर की मध्यस्थता में समझौता संपन्न हुआ।

यह समझौता पिछली बार 2019 में हुए समझौते के ही समान है, लेकिन इसमें श्रमिकों की एक अर्जित अवकाश (ईएल) में वृद्धि हुई है। 3 साल में एक रेनकोट, दीपावली गिफ्ट, मृत्यु पर श्रमिक आश्रित को देने वाली राशि आदि पर समझौता संपन्न हुआ है।

उल्लेखनीय है कि ब्रिटानिया में पहले 1 साल का समझौता होता था। पिछली बार 3 साल का समझौता हुआ। यह परंपरा बन गई थी कि हर हर बार कुछ राशि घटकर समझौता होता रहा है। इस बार आगजनी जैसी बड़ी घटना भी घटित हुई थी। इसके बावजूद यूनियने पूर्व राशि में बगैर किसी कटौती के पिछले समझौते के समान समझौता करने में सफल रही हैं।

समझौते के मुख्य बिंदु-

  • समझौता अप्रैल 2022 से मार्च 2025 तक 3 साल के लिए संपन्न हुआ है;
  • 3 साल में ₹4600 सीटीसी में वेतन वृद्धि होगी, साथ में प्रत्येक साल अक्टूबर माह में परिवर्तनीय महंगाई भत्ता का लाभ मिलेगा;
  • वेतन वृद्धि क्रमश पहले, दूसरे व तीसरे साल ₹1600-₹1500-₹1500 के हिसाब से बढ़ेगा;
  • इसके अतिरिक्त केक प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों के लिए प्रथम वर्ष 100/- रुपये तथा द्वितीय वर्ष 50/- प्रतिमाह की अतिरिक्त वृद्धि होगी;
  • अप्रैल 22 से दिसंबर 22 तक की बकाया राशि का एरियर मिलेगा;
  • वर्ष में 240 ड्यूटी या इससे अधिक ड्यूटी होने पर एक अर्जित अवकाश (ईएल) में वृद्धि हुई है;
  • दीपावली उपहार में 100/- रुपये की वृद्धि जो अब 600/- रुपये का हो गया है;
  • 3 साल में एक रेनकोट मिलेगा जबकि जैकेट और स्वेटर पहले से मिलता है;
  • किसी भी श्रमिक की मृत्यु पर स्थाई श्रमिकों के वेतन से ₹500 की कटौती होगी और कुल जमा राशि के बराबर राशि कंपनी द्वारा जोड़कर मृतक आश्रित को दिया जाएगा;
  • अटेंडेंस इंसेंटिव के नाम पर 1150 रुपए पहले के समझौते में होता था, इस बार अटेंडेंस इंसेंटिव के नाम पर कोई राशि नहीं रखी गई है।
  • पहले महीने में एक दिन की छुट्टी (एलडब्लूपे) होने पर इंसेंटिव की राशि काट ली जाती थी अब 3 दिन की छुट्टी (एलडब्लूपे) पर राहत मिलेगी। यानी 27 दिन लगातार अवकाश पर भी अटेंडेंस इंसेंटिव मिलेगा। यह लाभ वर्ष 2022 में भी मिल जाएगा और जिनकी कटौती हुई है, उनको एरियर के साथ मिलकर वापस होगा;
  • कम्पनी द्वारा दिये जाने वाले एडवांस पॉलिसी में कुछ लिखित सुधार हुआ है जबकि एडवांस पहले से मिलता आ रहा है।

समझौते पर ब्रिटानिया श्रमिक संघ की ओर से संजय बिष्ट, आनंद तिवारी, बहादुर सिंह रावत, किशोर कुमार पंत व दीपक शर्मा ने तथा ब्रिटानिया कर्मकार यूनियन से आनंद उनियाल, प्रदीप शाह, अनिल रावत, सुनील सिंह और भुवन पाठक ने जबकि कंपनी की ओर से कारखाना प्रबंधक प्रबोध खेर और एचआर प्रबंधक मुक्ता टंडन ने हस्ताक्षर किए हैं।

दोनों यूनियनों ने इस कठिन परिस्थिति में हुए इस समझौते पर समस्त श्रमिकों को धन्यवाद दिया है।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे