कानपुर: साइकिल की गद्दी बनाने वाली फैक्ट्री में आग; तीन मज़दूरों की मौत, दो घायल गंभीर

फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित हो रही थी। फैक्ट्री में भरा हुआ एलपीजी सिलिंडर था जो आग की चपेट में आने से बच गया। तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
कानपुर (उत्तर प्रदेश)। शुक्रवार को कानपुर के फजलगंज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित साइकिल की गद्दी बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से तीन मज़दूरों की मौत हो गई जबकि 2 मजदूर घायल हो गए और गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं।
डबल पुलिया निवासी सुनील कटियार की गड़रियनपुरवा के सरेस बाग में साइकिल का पैडल और गद्दी बनाने की फैक्ट्री है। शुक्रवार सुबह चार बजे उसमें आग लग गई। इस भयावह घटना के बाद सभी को एलएलआर अस्पताल ले जाया गया, हालांकि हालत गभीर होने से तीन मजदूरों ने दम तोड़ दिया। वहीं दमकल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चश्मदीदों की मानें तो फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगी जिसने जल्द ही पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। यहां काम कर रहे मजदूर कुछ समझ पाते तब तक वो सभी आग की चपेट में आ गए थे। यह घटना फजलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गडरियन पुरवा में हुई है।
दो मंजिला इमारत में आग इतनी तेजी से लगी कि किदवई नगर फजलगंज मीरपुर जाजमऊ समेत कई फायर स्टेशंस की गाड़ियों को आग बुझाने के लिए तत्काल मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों और पुलिसकर्मियों की मदद से छह लोगों को खिड़की और दरवाजे तोड़कर निकाल लिया गया।
पांच मज़दूर गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल भेजे गए जिनमें प्रदीप, नरेंद्र और जयप्रकाश की अस्पताल में मौत हो गई। घायलों का कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान गौरव और मनोज के रूप में हुई है।
कानपुर के चीफ फायर ऑफिसर दीपक शर्मा ने बताया कि फैक्ट्री अवैध रूप से संचालित की जा रही थी और अगर दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी तत्काल राहत बचाव का कार्य शुरू नहीं करते तो हादसा और बड़ा हो सकता था। फैक्ट्री के अंदर भरा हुआ एलपीजी सिलिंडर मौजूद था। आग की चपेट में आने पर इसमें विस्फोट हो सकता था। जिसके बाद आग पड़ोस में रहने वाले लोगों के घरों में भी फैल सकती थी।