असम: नई पेंशन नीति के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन; पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाली की माँग

मंत्रियों के साथ वार्ता बेनतीजा होने पर ऑल असम सरकारी एनपीएस कर्मचारी संस्था ने खानापाड़ा के वेटनरी कॉलेज मैदान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया।

गुवाहाटी। ऑल असम सरकारी एनपीएस कर्मचारी संस्था ने नई पेंशन नीति के विरुद्ध मंगलवार को प्रदर्शन किया। एनपीएस कर्मचारी संस्था के आह्वान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था को बनाए रखने की मांग को लेकर आज हजारों कर्मचारियों ने गुवाहाटी में प्रदर्शन किया।

सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे सरकारी कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से लागू करने, नई पेंशन व्यवस्था खत्म करने के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। गुवाहाटी के खानापाड़ा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में कर्मचारी संस्था के व्यापक विरोध आंदोलन में कई शीर्ष नेता भी शामिल हुए।

उल्लेखनीय है कि देश में 1 जनवरी 2004 से नई पेंशन प्रणाली लागू की गई है। असम में फरवरी 2005 में सेवानिवृत्त के बाद पेंशन सिस्टम खत्म कर दिया गया। इसके बाद 2018 में असम में लगभग तीन लाख पेंशन से वंचित कर्मचारियों ने ऑल असम सरकारी एनपीएस कर्मचारी संस्था का गठन किया।

अच्युत हजारिका के नेतृत्व में राज्य के कई मंत्रियों के साथ हुई वार्ता बेनतीजा होने पर संस्था ने मंगलवार को खानापाड़ा के वेटनरी कॉलेज मैदान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया। वरिष्ठ अधिवक्ता और असम कर्मचारी परिषद के पूर्व सचिव चरण डेका ने भी आंदोलन में हिस्सा लिया।

उल्लेखनीय है कि एनपीएस कर्मचारी संस्था के प्रदर्शनकारियों को प्रशासन ने आज मार्च करने की अनुमति नहीं दी थी। वहीं सरकार के प्रतिनिधि के रूप में गुवाहाटी के आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। आंदोलनकारियों ने कहा कि अगर सरकार ने जल्द कोई प्रभावी निर्णय नहीं लिया तो कर्मचारी बड़े पैमाने पर आंदोलन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार से साभार

About Post Author