मध्यप्रदेश: सतना के केजेएस सीमेंट फैक्ट्री में 60 फीट ऊंचाई से गिरकर श्रमिक की मौत

मृतक आबिद फैक्ट्री के अंदर साइलो में चढ़कर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह करीब 60 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया और घटनास्थल पर ही इसकी मौत हो गई।

सतना (मध्यप्रदेश)। सतना जिले के मैहर स्थित केजेएस सीमेंट फैक्ट्री में शुक्रवार को फिर एक बड़ा हादसा हुआ। फैक्टरी के अंदर कार्य करने वाले कर्मचारी की साइलो में काम करते वक्त 60 फीट ऊंचाई से गिरने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक श्रमिक का नाम आबिद हुसैन बताया जा रहा है, जो कि बिहार के गिरगिटा गांव का निवासी है। मृतक श्रमिक सेफ्टी इंचार्ज के रूप में मृतक केजेएस फैक्ट्री में कार्यरत था।

खबर के अनुसार मृतक आबिद फैक्ट्री के अंदर साइलो में चढ़कर कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह करीब 60 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया और चंद मिनटों में ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक फैक्ट्री के अंदर बिना सेफ्टी किट के कार्य कर रहा था।

मृतक के शव को पीएम पंचनामा कार्रवाई के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। वहीं उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

केजेएस सीमेंट फैक्ट्री में अक्सर हादसे होते रहते हैं। जिसमें फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है। इसके पहले भी फैक्ट्री के अंदर ऐसे ही कई लोगों की मौत हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि अहलूवालिया समूह के केजेएस सीमेंट फैक्ट्री का प्रबंधन कुख्यात है। मैहर प्लांट के प्रबंधन ने बीते दिनों सीटू यूनियन के अध्यक्ष रहे मनीष शुक्ला की हत्या करावा दी थी। इस मामले में कंपनी एचआर हेड संजय सिंह और उसके असिस्टेंट मुकेश चतुर्वेदीमैहर जेल में बंद हैं।  

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे