महाराष्ट्र पावर जेनरेशन कंपनी के ऊर्जा स्टेशन में विस्फोट; दो लोगों की मौत, 5 अन्य गंभीर

मुंबई से करीब 48 किलोमीटर दूर उरन में स्थित गैस टर्बाइन ऊर्जा स्टेशन के ब्वायलर के पंप में विस्फोट के बाद आग लग गयी, मज़दूर बुरी तरह झुलस गए…

महाराष्ट्र के नवी मुंबई इलाके में स्थित महाराष्ट्र पावर जेनरेशन कंपनी के ऊर्जा स्टेशन में हुये विस्फोट में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। इस घटना की जानकारी पुलिस ने दी हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई से करीब 48 किलोमीटर दूर उरन में स्थित गैस टर्बाइन ऊर्जा स्टेशन के ब्वायलर के पंप में यह विस्फोट हुआ जिसके बाद उसमें शाम सवा चार बजे करीब आग लग गयी।

अधिकारी ने आगे बताया कि एक कनीय अभियंता सहित चार लोग गंभीर रूप से झुलस गये जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि दो को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और दमकल का दस्ता मौके पर पहुंचा। दमकल की टीम आग और गैस पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। बचाव अभियान के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया है।

पालघर की फैक्ट्री में भी हुआ था ब्लास्ट: बता दें कि कुछ दिनों पहले महाराष्ट्र के पालघर में एक फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हुआ था। वसई में स्थित एक फैक्ट्री में हुए इस ब्लास्ट में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई थी और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ये हादसा हाइड्रोजन सिलेंडर फटने से हुआ था। ब्लास्ट के समय फैक्ट्री में कई स्टाफ मौजूद थे।

बता दें कि इस घटना के बाद राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री रवींद्र चव्हाण ने फैक्ट्री का दौरा किया था और अधिकारियों को यहां उद्योगों में काम करने वाले लोगों का सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा कि उद्योगों को सुरक्षा मानदंडों और विनियमों का सख्ती से फॉलो करना जरुरी हैं और ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए।

पत्रिका से साभार

%d bloggers like this: