मानेसर: प्रबंधन के दमन के खिलाफ हिताची कंपनी मज़दूर 9 अक्टूबर को करेंगे भूख हड़ताल

हिताची मेटल इंडिया के मज़दूरों ने माँगपत्र लगाया तो प्रबंधन ने दमन बढ़ा दिया, तमाम तरीके से परेशान करने के साथ कई मज़दूरों को निकाल दिया, इससे मज़दूरों में आक्रोश है।

मानेसर, गुड़गांव। आईएमटी मानेसर में स्थित हिताची मेटल्स इण्डिया कंपनी में ठेका मज़दूरों को ताबड़तोड़ निकालने और प्रबंधन द्वारा मज़दूरों पर दबाव बढ़ाए जाने से आक्रोषित मजदूरों ने गुड़गांव डीसी ऑफिस पर सामूहिक धरना देने का ऐलान किया है।

आईएमटी मानेसर के प्लॉट नंबर 94/95 में स्थित मैसर्स हिताची मेटल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में काम करने वाले मज़दूरों ने 9 अक्टूबर दिन रविवार को दिन भर भूख हड़ताल का आयोजन किया है।

एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मज़दूरों ने कहा है कि वे इस कंपनी में 5 – 6 सालों से काम कर रहे हैं। उन्होंने अपनी मांगों को लेकर सामूहिक मांग-पत्र गुड़गांव के लेबर ऑफिस में लगाया है लेकिन श्रम विभाग और प्रबंधन इसको हल नहीं कर रहे हैं।

मज़दूरों का कहना है कि जैसे ही वर्करों ने संगठनबद्ध होने की शुरुआत की, उन पर कंपनी मैनेजमेंट की ओर से हरासमेंट बढ़ा दिया गया। कई मज़दूरों की अगुवाई करने वाले एक मजदूर सहित मज़दूरों को निकाल दिया गया।

मज़दूरों ने बताया, “हमने कंपनी में हमें धमकाया जा रहा है। जरूरी होने पर भी छुट्टी नहीं दी जा रही है। यहां तक भी परिवार में किसी की मृत्यु होने पर भी छुट्टी नहीं दी जा रही है। इसके उलट हमारे साथियों का गेट बंद कर रहा है। अभी तक हमारे 20 मजदूर साथियों का गेट बंद कर दिया गया है। इस बारे में हमें अपने डीसी ऑफिस में प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।”

मज़दूरों का कहना है कि कंपनी में सुचारु रूप से उत्पादन को चलाने के लिए फैक्ट्री एक्ट के तहत माहौल को सामान्य बनाया जाना चाहिए। इन्हीं मांगो को लेकर वे सुबह 9:00 बजे से 5:00 बजे तक डीसी ऑफिस, गुड़गांव के सामने सामूहिक भूख हड़ताल करेंगे।

साभार: वर्कर्स यूनिटी

%d bloggers like this: