कोलकाता: लेबर कोड और तिरुपति में ट्रेड यूनियनों पर दमन के खिलाफ संयुक्त विरोध प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल के 10 ट्रेड यूनियनों द्वारा कोलकाता के मिंटो पार्क से केंद्रीय श्रम दफ्तर तक रैली निकालकर विरोध सभा हुई और केंद्रीय श्रममंत्री के नाम माँगों का ज्ञापन सौंपा गया।

कोलकाता (पश्चिम बंगाल)। मज़दूर विरोधी 4 लेबर कोड लागू करने की कवायद के बीच आंध्र प्रदेश के तिरुपति में देश के श्रम मंत्रियों के सम्मेलन के दौरान मज़दूर संघों द्वारा लेबरकोड के विरोध प्रदर्शन के दौरान मज़दूरों और मज़दूर नेताओं के गिरफ़्तारी के विरोध में 26 अगस्त को कोलकाता में विभिन्न संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन हुआ।

ज्ञात हो कि मज़दूरों को अधिकारविहीन बनने वाली चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) को थोपने के लिए श्रम मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन को जहाँ प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे, वहीं इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे मज़दूरों और ट्रेड यूनियन कर्मियों को पुलिस ने जबरिया गिरफ्तार कर लिया था।

दरअसल, जबरिया लेबर कोड्स लागू करने के लिए श्रम मंत्रियों के सम्मेलन को को देखते हुए गुरुवार को राज्य के विभिन्न शहरों में 9 विभिन्न ट्रेड यूनियनों द्वारा विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। ट्रेड यूनियनों द्वारा लेबर कोड को रद्द करने की मांग पर प्रदर्शन किया गया था जिसके दौरान ही उन्हें बर्बरतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।

देश भर में 4 लेबर कोड लागू करने के मुख्य एजेंडा के साथ 25-26 अगस्त को तिरुपति में आयोजित राष्ट्रीय श्रम सम्मेलन, का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस सम्मेलन में केंद्रीय श्रम मंत्री के साथ तमाम राज्यों के श्रम मंत्रियों व श्रम सचिवों की भागीदारी रही।

इस दमन की घटना के खिलाफ और 4 लेबर कोड रद्द करने की मांग पर पश्चिम बंगाल के 10 ट्रेड यूनियनों द्वारा कोलकाता के मिंटो पार्क से रैली निकाली जो केंद्रीय श्रम दफ्तर तक गई, जहां पर एक विरोध सभा का आयोजन हुआ और केंद्रीय श्रममंत्री के नाम इन मांगों पर एक ज्ञापन सौंपा गया।

इस संयुक्त प्रदर्शन में WI (SSC), SWCC, IFTU, TUCI, LJMU (SS), AWBSRU, NTUI, ECLTSAU, KJSSU, IFTU(S) संगठन भागीदार रहे।

%d bloggers like this: