जेएनयू के सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, अर्जित वेतन के भुगतान की माँग; शिक्षक संघ ने दिया समर्थन

कर्मचारियों को वेतन से वंचित करने के अलावा, जेएनयू प्रशासन 2020 से कर्मचारियों की संख्या लगातार घटा रहा है। मनमानी छटनी का सिलसिला जारी है। इससे काम का भारी दबाव है।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (जेएनयूटीए) ने विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर चिंता जताई। संंगठन ने प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने और उनकी उचित मांगों को मानने का आग्रह किया। जेएनयू के सफाई और मेस कर्मचारी पिछले 4-5 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारी 3 महीने के लंबित वेतन का तत्काल भुगतान करने, 26 दिन की ड्यूटी सुनिश्चित करने, निकाले गए श्रमिकों को दोबारा नियुक्त करने और हर महीने की 7 तारीख तक वेतन देन की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं।

हालांकि, जेएनयू प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उसने किसी भी कर्मचारी को नहीं हटाया है और छात्र कल्याण मामलों के डीन सुधीर प्रताप सिंह से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा है। जेएनयू ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया कि जेएनयू की वीसी (कुलपति) और उनके प्रशासन ने किसी कर्मचारी को नहीं हटाया है। सभी मेस कर्मियों को बहाल रखा जा रहा है। छात्र कल्याण मामलों के डीन से विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।

About Post Author