मारुति सुजुकी वर्कर्स यूनियन के चुनाव में पवन प्रधान और संजय महासचिव बने

यूनियन की नवनिर्वाचित टीम के सामने अंदर-बाहर के संघर्षों को गति देने का कार्यभार है। साथ ही मज़दूर वर्ग पर हो रहे चौतरफा हमलों के खिलाफ एकताबद्ध संघर्ष बढ़ाने की भी चुनौती है।

मानेसर, गुड़गांव। मारुति सुजुकी वर्कर्स यूनियन के चुनाव में इस बार एक नई टीम निकलकर आई जिसमें पवन (प्रधान), संजय (महासचिव), अमरेन्द्र( मुख्य संरक्षक) चुने गए हैं। इसके साथ ही नई कार्यकारिणी का भी चुनाव हुए है।

शुक्रवार को हुए चुनाव में कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शक्ति, मिन्टू, गुरुदेव, जयबीर, दीपक, नवीन, ज्ञानी, नरेश, राजेश आदि निर्वाचित हुए हैं। कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों का चुनाव इनमें से ही होगा।

इस चुनाव में पूर्व प्रधान अजमेर सिंह, महासचिव दौलत राम, संरक्षक पवन लतवाल, विकाश, राकेश आदि ने बतौर प्रत्याशी भाग नहीं लिया था।

सभी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को ‘मेहनतकश’ की ओर से शुभकामनाएं।

नवनिर्वाचित टीम के सभी साथियों के समक्ष प्लांट के भीतर के मज़दूरों के साथ अन्यायपूर्ण सजा झेलते और बर्खास्त मारुति साथियों के न्यायपूर्ण संघर्ष को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारियां भी सामने हैं।

उल्लेखनीय है कि 2012 के भारी दमन, 13 साथियों की अन्यायपूर्ण उम्र क़ैद, करीब 2500 स्थायी-अस्थाई मज़दूरों की ग़ैरक़ानूनी बर्खास्तगी के बाद से लगातार संघर्ष जारी है। अथक प्रयासों के बाद जेल में बन्द 7 साथियों को अबतक जमानत मिली है अन्य 4 को भी जमानत मिलने की उम्मीद है। जबकि दो साथियों की दुखद मौत हो चुकी है।

इन सभी साथियों की बाइज्जत बेगुनाही की क़ानूनी लड़ाई जारी है। इसके साथ ही यूनियन की नवगठित टीम के ऊपर बर्खास्त किए गए साथियों की क़ानूनी लड़ाई को भी आगे बढ़ने की जिम्मेदारी भी है।

उम्मीद है ये सभी साथी इसे संजीदगी से निभाएंगे और संगठन को मजबूती प्रदान करने व मज़दूर वर्ग के संघर्षों को आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

मारुति सुजुकी वर्कर्स यूनियन लगातार अंदर-बाहर के संघर्षों को गति देने का काम करती रही है। नवनिर्वाचित टीम भी इसके प्रति प्रतिबद्ध है।

उम्मीद है कि यूनियन की नवनिर्वाचित टीम मौजूदा संघर्षों को जीत की दिशा में आगे ले जाने को बल प्रदान करेगी। साथ ही मज़दूर विरोधी चार लेबर कोड आदि सहित मज़दूरों पर बढ़ते हमलों के खिलाफ मज़दूर वर्ग की व्यापक एकता को मजबूत करते हुए यूनियन को नई ऊंचाई तक ले जाने के प्रयासों को गति देगी।

About Post Author

भूली-बिसरी ख़बरे